रायपुर। राज्य शासन ने महिला एवं बाल विकास विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति और नई पदस्थापना आदेश जारी कर दिए हैं। विभाग की ओर से सात सहायक संचालकों को पदोन्नति देकर उपसंचालक और जिला कार्यक्रम अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है। यह आदेश महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शुक्रवार को जारी किया गया। मंत्रालय ने जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

सूत्रों के अनुसार, विभाग में कई जिलों में उपसंचालक और जिला कार्यक्रम अधिकारी के पद लंबे समय से रिक्त चल रहे थे, जिससे योजनाओं के संचालन और निरीक्षण कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब नई पदस्थापना के बाद विभागीय कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
इस आदेश को महिला एवं बाल विकास विभाग में प्रशासनिक पुनर्गठन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। विभाग ने साफ किया है कि पदोन्नत अधिकारियों को अपनी नई भूमिका में बेहतर कार्य निष्पादन की जिम्मेदारी निभानी होगी। विभागीय सूत्रों ने बताया कि आने वाले दिनों में कुछ और पदों पर भी पदोन्नति और स्थानांतरण आदेश जारी किए जा सकते हैं।