दर्दनाक हादसा: गड्ढे में भरे पानी में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत...

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के नागलु सड़क किनारे स्थित एक बंद पड़े क्रशर प्लांट के गड्ढे में भरे पानी में डूबने से 13 साल के किशोर की मौत हो गई। घटना होली के दिन की बताई जा रही है। मामला गीदम थाना क्षेत्र का है।

दोस्त को बचाने उतरा, खुद डूब गया

जानकारी के मुताबिक मृतक किशोर का नाम आदर्श वाघमारिया (13 वर्ष) है। होली के दिन वह अपने कुछ दोस्तों के साथ बंद पड़े क्रशर प्लांट के गड्ढे में भरे पानी में नहाने गया था।

इसी दौरान उसका एक दोस्त गहरे पानी में डूबने लगा। दोस्त को बचाने के लिए आदर्श तुरंत पानी में उतरा, लेकिन पैर फिसलने के कारण वह खुद गहरे पानी में चला गया और डूब गया। बताया जा रहा है कि जिसे बचाने वह उतरा था, वह सुरक्षित बच गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और SDRF

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम के साथ SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की।

काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद SDRF ने बच्चे को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

इलाके में शोक का माहौल

इस हादसे के बाद परिवार और इलाके में शोक का माहौल है। होली के दिन हुई इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *