मात्र 63 CM चौड़ा है ये घर, अंदर TV से लेकर किचन तक सब मौजूद, देखें नजारा!

दुनिया भर में लोग बड़े और आलीशान घरों के सपने देखते हैं, लेकिन पेरू के लीमा से एक ऐसे घर की तस्वीर सामने आई है, जिसे देखकर आप अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पाएंगे. यहां के औकालामा जिले में एक ऐसा घर बनाया गया है, जिसकी खासियत उसकी लंबाई-चौड़ाई नहीं, बल्कि उसका बेहद ‘पतला’ होना है.

यह घर सामने से देखने पर किसी दीवार की एक पतली सी दरार जैसा लगता है, लेकिन असल में यह पूरी तरह से रहने लायक एक दो मंजिला घर है. इस घर की सबसे खास बात इसकी चौड़ाई है, जो सामने से मात्र 63 सेंटीमीटर (करीब 2 फीट) है. इस अनोखे मकान ने अब दुनिया के सबसे पतले घर (World’s Narrowest House) के तौर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए दावा ठोक दिया है. इसे बनाने वाले फैबियो अर्नेस्टो मोरेनो का कहना है कि वे इस रिकॉर्ड को हर हाल में पेरू के नाम करना चाहते हैं.

इस घर का मुख्य द्वार इतना संकरा है कि किसी भी साधारण व्यक्ति को इसके अंदर जाने के लिए थोड़ा संभलकर चलना पड़ता है. हालांकि, जैसे-जैसे आप इस घर के अंदर पीछे की तरफ बढ़ते हैं, इसकी चौड़ाई थोड़ी बढ़ती जाती है. घर के मालिक फैबियो के अनुसार, सामने का हिस्सा 63 सेंटीमीटर का है, लेकिन पीछे की ओर जाने पर यह बढ़कर अधिकतम 130 सेंटीमीटर (लगभग 4.3 फीट) तक पहुंच जाता है.

फैबियो ने बताया कि भले ही यह जगह बहुत कम है, लेकिन उन्होंने इसे इस तरह से डिजाइन किया है कि यहां एक इंसान अपनी जरूरत की हर बुनियादी सुविधा के साथ रह सके. हैरानी की बात यह है कि लकड़ी से बने इस दो मंजिला घर के अंदर वह सब कुछ मौजूद है जो एक सामान्य घर में होता है. इसमें एक छोटा सा लिविंग रूम, डाइनिंग एरिया, एक सिंक, बाथरूम और सोने के लिए बेडरूम बनाया गया है.

इतना ही नहीं, यह घर पूरी तरह से सुसज्जित है, जिसमें टीवी, किचन के बर्तन और पढ़ने के लिए किताबें भी रखी गई हैं. मूल रूप से कोलंबिया के रहने वाले फैबियो कहते हैं कि पेरू ने उन्हें अपने देश की तरह अपनाया है और अब वे इस रिकॉर्ड को पेरू के नाम करना चाहते हैं. फैबियो की योजना इस घर को एक बड़े टूरिस्ट अट्रैक्शन में बदलने की है.

वे कहते हैं, ‘हमारा उद्देश्य केवल रिकॉर्ड बनाना नहीं है, बल्कि औकालामा के इस खूबसूरत इलाके को दुनिया के नक्शे पर लाना भी है.’ फिलहाल गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम द्वारा इस दावे की जांच की जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि होने से पहले ही यह घर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. दूर-दराज से लोग इस ‘अजूबे’ को देखने के लिए औकालामा पहुंच रहे हैं और इस पतली सी इमारत के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे हैं.

पोलैंड के नाम दर्ज है सबसे पतले घर का रिकॉर्ड

वर्तमान में दुनिया के सबसे संकरे घर का रिकॉर्ड पोलैंड के वारसॉ में स्थित ‘केरेट हाउस’ के नाम है. इस घर का नाम इजरायली लेखक एतगर केरेट के नाम पर रखा गया था. केरेट हाउस अपने सबसे संकरे हिस्से में 92 Cm चौड़ा है और सबसे चौड़े हिस्से में 152 Cm है. यदि पेरू के इस 63 सेमी वाले घर को मान्यता मिल जाती है, तो यह पोलैंड के रिकॉर्ड को तोड़ देगा और दुनिया का सबसे संकरा घर बन जाएगा.

इंजीनियरिंग के नजरिए से इतने कम जगह में दो मंजिला मजबूत ढांचा खड़ा करना और उसे रहने योग्य बनाना एक बड़ी चुनौती थी. फैबियो ने जिस चतुराई से जगह का इस्तेमाल किया है, वह शहरी भीड़भाड़ वाले इलाकों में कम जगह में घर बनाने की नई सोच को भी जन्म देता है. हालांकि, कुछ लोग इसे केवल एक ‘पब्लिसिटी स्टंट’ मान रहे हैं, लेकिन फैबियो के लिए यह उनकी कड़ी मेहनत और पेरू के प्रति उनके प्यार का प्रतीक है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *