दुनिया की वो नदी, जो एक साथ बहती है दो दिशाओं में, साइंटिस्ट भी नहीं सुलझा पाए रहस्य...

नदियां हमेशा से प्रकृति के सबसे बड़े चमत्कारों में से एक रही हैं. ये पहाड़ों से निकलकर समुद्र तक बहती हैं, जीवन देती हैं और कभी-कभी ऐसे रहस्य छुपाती हैं जो सदियों से वैज्ञानिकों को हैरान करते रहे हैं.

आमतौर पर नदियां एक ही दिशा में बहती हैं– ऊंचाई से नीचे की ओर, गुरुत्वाकर्षण के नियमों का पालन करते हुए. लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में ऐसी एक नदी है जो एक ही समय में दो अलग-अलग दिशाओं में बहती है? जी हां, ये कोई कल्पना नहीं, बल्कि कनाडा की इचिमामिश नदी (Echimamish River) का वास्तविक रहस्य है.

रहस्य्मयी है ये नदी

स्थानीय भाषा में इसका नाम ही ‘पानी जो दोनों तरफ बहता है’ रखा गया है. यह नदी कनाडा के जंगलों में बहती है और यहां से पानी एक तरफ हडसन बे की ओर जाता है, तो दूसरी तरफ अलग दिशा में. वैज्ञानिक इसे ‘रिवर बिफुरकेशन’ कहते हैं, जहां एक नदी दो या ज्यादा शाखाओं में बंट जाती है.

लेकिन इचिमामिश का मामला अलग है– यहां ढाल इतनी कम है (0.009 प्रतिशत से भी कम) कि पानी दोनों दिशाओं में कैसे बहता है, ये समझना मुश्किल है. NASA ने भी इस नदी की सैटेलाइट तस्वीरें ली हैं, जो इसकी अनोखी प्रकृति को दर्शाती है.

क्या कहते हैं वैज्ञानिक?

वैज्ञानिकों के मुताबिक, ये घटना तब होती है जब एक नदी दूसरी नदी का पानी आंशिक रूप से कैप्चर कर लेती है, लेकिन पूरी तरह नहीं. इसे ‘इनकम्पलीट रिवर कैप्चर’ कहा जाता है. लेकिन इचिमामिश में ये प्रक्रिया इतनी परफेक्ट है कि पानी दोनों ओर बराबर बहता रहता है. हाल के अध्ययनों में अमेरिका और दक्षिण अमेरिका की कई ऐसी नदियों का जिक्र है जो हाइड्रोलॉजी के नियम तोड़ती नजर आती हैं.

जैसे वेनेजुएला और सूरीनाम में कुछ नदियां अप्रत्याशित तरीके से बंटती हैं. लेकिन इचिमामिश सबसे ज्यादा रहस्यमयी है क्योंकि इसका ढाल न्यूनतम है, फिर भी पानी का प्रवाह मजबूत है. कुछ विशेषज्ञ मानते हैं कि ये प्राकृतिक ‘वर्महोल’ जैसा है– जहां पानी दो अलग वाटरशेड में बंट जाता है.

हो चुकी है कई स्टडी

इस राज को सुलझाने के लिए कई स्टडी की जा चुकी है. एक अध्ययन में इसे ‘हाइड्रोलॉजिक इक्विवेलेंट ऑफ ए वर्महोल बिटवीन टू गैलेक्सीज’ तक कहा गया है. वैज्ञानिकों ने 9 ऐसी अनियमित नदियों और झीलों का विश्लेषण किया, जहां पानी अपेक्षित नियमों के विपरीत बहता है. इचिमामिश इसमें सबसे ऊपर है. भारत में भी ऐसी कहानियां हैं.

नर्मदा नदी को उल्टी बहने वाली नदी कहा जाता है– ये पूर्व से पश्चिम की ओर बहती है, जबकि ज्यादातर नदियां पश्चिम से पूर्व जाती हैं. लेकिन ये ‘दो दिशाओं में एक साथ’ नहीं बहती है. नर्मदा का रहस्य रिफ्ट वैली से जुड़ा है, जो वैज्ञानिक रूप से समझाया जा चुका है. पौराणिक कथाओं में इसे कुंवारी नदी कहा जाता है, जिसने शादी नहीं की, इसलिए उल्टी दिशा में बहती है. लेकिन इचिमामिश का मामला अलग है. यहां एक ही पॉइंट से पानी दो तरफ जाता है और साइंटिस्ट आज तक इसका पूरा राज नहीं सुलझा पाए हैं.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *