
जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के कोटमीसोनार गांव (अकलतरा थाना क्षेत्र) से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गैंती से हत्या करवा दी। हत्या के कुछ ही घंटों में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेमी संग भागी थी महिला, दो दिन पहले लौटी थी घर
जानकारी के अनुसार, मृतक अमरनाथ केंवट की पत्नी का मुंगेली जिले के रौनीकापा गांव निवासी युवराज निषाद से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ समय पहले महिला अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। दो दिन पहले वह वापस अपने ससुराल लौटी, लेकिन उसका इरादा खतरनाक था।

घर में ही प्रेमी से करवा दी हत्या
घर लौटने के बाद महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। प्रेमी युवराज निषाद ने घर पहुंचकर पत्नी की मौजूदगी में अमरनाथ केंवट पर गैंती से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के कुछ घंटे बाद हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद प्रेमी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए घटना के कुछ घंटों के भीतर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अकलतरा पुलिस अब पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है और हत्या के पीछे की गहराई से जांच कर रही है।
गांव में फैला आक्रोश, प्रेम प्रसंग बना खूनी खेल
इस जघन्य वारदात के बाद गांव में आक्रोश और सनसनी का माहौल है। एक बार फिर प्रेम प्रसंग ने एक मासूम जिंदगी छीन ली, जिससे समाज में रिश्तों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
