
Unknown Fact: ग्रीस के क्रीट और सेंटोरिनी द्वीपों पर कुछ ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने लोगों को अंदर तक डरा दिया. यह न तो किसी हॉलीवुड फिल्म का सीन था और न ही कोई कैमरे का इफेक्ट, बल्कि प्रकृति का एक अनोखा और हैरान कर देने वाला रूप था, जिसने सभी को चौंका दिया.
ग्रीस के लोग सुबह जब नींद से जागे, तो बाहर का दृश्य देखकर उन्हें अपनी आंखों पर भरोसा ही नहीं हुआ. आसमान गहरे लाल और नारंगी रंग में बदल चुका था, मानो कोई डरावना अंतकालीन दृश्य सामने हो.

कुछ ही समय में इस अजीबोगरीब नजारे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगीं. लोग हैरानी में सवाल करने लगे कि क्या यह किसी एलियन हमले का संकेत है या फिर वे अनजाने में मंगल ग्रह पर पहुंच गए हैं. माहौल इतना भयावह लग रहा था कि कई लोगों ने डर के चलते अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां तक बंद कर लीं.


असल में इस पूरे घटनाक्रम की वजह ‘एर्मिनियो’ (Erminio) नाम का एक शक्तिशाली तूफान है. यह तूफान लीबिया के सहारा रेगिस्तान से उठी भारी मात्रा में रेत को तेज हवाओं के साथ उड़ा लाया. करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं ने इस रेत को ग्रीस तक पहुंचा दिया, जिससे आसमान का रंग अचानक बदल गया.
अब आपके मन में सवाल आ रहा होगा कि आखिर रेत की वजह से आसमान लाल कैसे दिखने लगा? दरअसल, इस धूल में आयरन ऑक्साइड यानी ‘जंग’ की मात्रा काफी ज्यादा होती है. जब सूर्य की किरणें इन बारीक कणों से टकराती हैं, तो लाल और नारंगी रंग की रोशनी ज्यादा दिखाई देती है, जिससे पूरा आसमान किसी साइंस-फिक्शन फिल्म जैसा नजर आने लगता है.
यह नजारा सिर्फ डराने वाला ही नहीं था, बल्कि इससे रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हो गई. हवा इतनी प्रदूषित और घुटन भरी हो गई कि प्रशासन को स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करना पड़ा. ब्रिटिश एयरवेज की कई उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा, जबकि कुछ विमानों को दूसरे शहरों में उतारना पड़ा.
वहीं सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर मजाक भी कर रहे हैं. कोई कह रहा है कि लगता है आसमान का फिल्टर खराब हो गया है, तो कोई मजाक में बोल रहा है, ऐसा नजारा देखकर तो मैं फिर से चादर ओढ़कर सो जाऊं, क्योंकि दुनिया खत्म होने वाली लग रही है.
