रायपुर। रायपुर के गुढ़ियारी में 18 लाख रुपए की डकैती की खबर झूठी निकली। पति-पत्नी के आपसी विवाद का फायदा उठाकर एक तांत्रिक ने महिला से अनुष्ठान के नाम पर 30 लाख रुपए मांगे थे। जिसके बाद महिला ने उसे 16 लाख कैश 2-3 लाख के जेवर उसे दे दिए। इसके बाद पुलिस के पास जाकर शिकायत कर कहा कि, घर में डकैती हो गई है।

दरअसल, मामला आदर्श विहार गुढ़ियारी इलाके का है। पुलिस को रक्षाबंधन के दिन सुबह-सुबह डकैती की खबर मिलती है, पता चलता है कि, एक घर में 3-4 लोगों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस डॉग स्कॉड के साथ वहां पहुंचती है और जांच शुरू करती है।

पहले तो डॉग स्कॉड बार-बार परिवार के मेंबर के पास जाकर रुक जा रही थी। उरला CSP मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि जांच में भी दूसरी ही कहानी ही सामने आ रही थी। जब कड़ाई से पूछताछ की तो पता चला कि महिला एक तांत्रिक के संपर्क में थी।

पुलिस ने बताया कि, महिला स्वाति केसरवानी घर में सुख-शांति के लिए तांत्रिक विजय पांडेय से मिलते रहती थी। तांत्रिक ने महिला को बताया कि, तुम्हारा पति एक तांत्रिक अनुष्ठान कर रहा है जिसमें तुम्हारे दोनों बच्चे और तुम मर जाओगी। लगातार डराते हुए उसने महिला को झांसे में लिया।

विजय पांडेय ने यह भी कहा कि, अगर मुझे 30 लाख रुपए देती हो तो एक ऐसा अनुष्ठान करूंगा की सब ठीक हो जाएगा। सब बच जाएंगे और घर में भी सब अच्छा हो जाएगा। महिला उसकी बात में आकर पैसे के जुगाड़ में लग गई।

तांत्रिक ने कहा- झूठी कहानी बताओ

घर में स्वाति के पति रवि के पैसे रखे हुए थे। तांत्रिक विजय पांडेय ने महिला से कहा कि, उस पैसे को वहां से निकालकर ले आओ। साथ ही सोने-चांदी के जो भी जेवरात हैं उसे भी ले आओ और एक झूठी कहानी बता देना कि 3-4 लोग डकैती कर ले गए।

तांत्रिक ने कहने पर महिला ने पहले उसे अनुष्ठान के लिए 16 लाख रुपए और जेवर दे दिए। घर आकर रविवार की सुबह 112 में कॉल घर डकैती की सूचना दी। मौके पर पहुंची गुढ़ियारी पुलिस को महिला और उसके दोनों बच्चों ने बताया कि घर में रात 3 बजे चार चोर घुसे थे।

महिला ने बच्चों को झूठी कहानी बताई थी

महिला के बताए मुताबिक, बच्चों ने भी पुलिस से कहा कि, सभी चोर काला कपड़ा पहने हुए थे जिसमें से एक व्यक्ति 6 फीट की हाइट का था। महिला ने कहा कि, वह और उसके बच्चे एक कमरे में सो रहे थे और उसके पति दूसरे कमरे में थे। चोर छत से घर में घुसे थे, मुझे रस्सी से बांधा और सारे रुपए और जेवर लेकर फरार हो गए।

हालांकि मौके पर जब पुलिस की टीम पहुंची तो कहानी और ही नजर आई। महिला ने भी डरकर अपने पति को सारी सच्चाई वहीं बता दी। इसके बाद एंटी क्राइम साइबर यूनिट की मदद से आरोपी की तलाश की गई और उसे भाटागांव से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से कैश और जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।

पति -पत्नी एक दूसरे पर करते है शक

आस-पास के रहने वाले लोगों के मुताबिक पति-पत्नी की आपस में अनबन होती है। दोनों एक दूसरे के चरित्र पर शक करते हैं। रवि और स्वाति का एक बेटा और एक बेटी है। पति-पत्नी की अनबन और विवाद की जानकारी आरोपी विजय को पता चली। ऐसे में उसने इस बात का फायदा उठाया और स्वाति को उसके पति के खिलाफ भड़काता रहा।

पुलिस ने बताया कि आरोपी तांत्रिक विजय पांडेय को जो रकम मिली थी। उससे उसने 2 नयी स्कूटी खरीदी। दोनों स्कूटी को उसने 2.50 लाख रुपए में खरीदा। थाना प्रभारी KK कुशवाहा ने बताया कि आरोपी के पास से दोनों स्कूटी को जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों गाड़ियां आरोपी ने अपने परिवार वालों के नाम से खरीदी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *