
रायपुर — छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का चौथा दिन राजनीतिक रूप से बेहद अहम होने वाला है। सत्र में विपक्ष सरकार पर कई गंभीर मुद्दों को लेकर हमलावर रहेगा, वहीं सरकार की ओर से भी जवाबी तैयारी की जा रही है। आज सदन में भर्ती घोटाले, भारतमाला परियोजना, पंचायतों की समस्याएं और सरकारी मकानों की बिक्री जैसे कई बड़े विषयों पर बहस होगी।
भर्ती परीक्षा पर गरजेगा विपक्ष, मंत्री देंगे जवाब
आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा आयोजित मंडल संयोजक भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर विपक्ष सरकार पर तीखा हमला बोलेगा। मंत्री रामविचार नेताम विभाग से जुड़े सभी प्रश्नों का जवाब सदन में देंगे।

भारतमाला प्रोजेक्ट घोटाले की गूंज
विधायक धरमलाल कौशिक सदन में भारतमाला परियोजना में हुए कथित घोटाले को लेकर जोरदार आवाज उठाएंगे। परियोजना में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी है।
पंचायतों की बदहाली पर उठेगा सवाल
विधायक राघवेंद्र सिंह जांजगीर-चांपा की ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों में हुई अनियमितताओं पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे, जिससे ग्रामीण विकास की स्थिति पर चर्चा होगी।
सरकारी मकानों की बिक्री पर उठेंगे सवाल
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा मकानों की बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर विपक्ष सवाल खड़ा करेगा। वहीं, वित्त मंत्री ओपी चौधरी अपने विभाग से संबंधित सवालों का जवाब सदन में देंगे।
पाँच महत्वपूर्ण विधेयक होंगे पेश
आज के सत्र में कुल 5 विधेयक पेश किए जाएंगे, जिनमें शिक्षा, राजस्व और प्रशासन से संबंधित विषयों को शामिल किया गया है। इन विधेयकों पर सदन में गंभीर चर्चा की संभावना है।
नजरें टिकी हैं सदन की गरमागरम बहस पर
आज का दिन राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी अहम रहेगा। सत्ता और विपक्ष दोनों की रणनीति स्पष्ट हो चुकी है और आम जनता को कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।
