छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में खड़ी एक ब्रेज़ा कार के अंदर अधिकारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना इंदिरा स्टेडियम के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान शोभा राम देहारी के रूप में हुई है, जो शासकीय विभाग में एसडीओ पद पर कार्यरत थे।
इंदिरा स्टेडियम के पास खड़ी कार में मिला शव
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़ी कार में युवक को अचेत अवस्था में देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने कार का निरीक्षण किया, जहां अंदर शव मिला। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई।
मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन में थे पदस्थ
मृतक अधिकारी छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन के नियानार कार्यालय में एसडीओ पद पर पदस्थ थे। वे वृंदावन कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं। विभागीय स्तर पर भी घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस जांच शुरू, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की सूचना पर बोधघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में मौत का संभावित कारण हृदयाघात माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना से पहले फोन पर बातचीत की चर्चा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिकारी रात में फोन पर किसी से तेज आवाज में बात करते सुने गए थे। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि मौत की परिस्थितियां साफ हो सकें।