
महंगाई और महंगे खर्चों के इस दौर में अगर कोई देश ऐसा हो जहां जन्म लेने पर ही सरकार आपके स्कूल-कॉलेज का खर्चा उठाए, शादी का बोझ कम करे और घर बनाने के लिए फ्री जमीन दे दे तो वहां हर इंसान जन्म लेना चाहेगा.
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ठीक ऐसा ही देश है जहां एमिराती नागरिकों (UAE nationals) को सरकार की ओर से ढेर सारे बेनिफिट्स दिए जाते हैं. अगर आप इस देश के नागरिक के तौर पर पैदा हुए हैं, तो आपको अपनी लाइफ के बारे में ज्यादा सोचने की जरुरत नहीं है. इस देश की सरकार अपने नागरिकों को इतने बेनिफिट्स देती है कि उन्हें ज्यादा टेंशन नहीं लेनी पड़ती.

सब कुछ मुफ्त


UAE में एमिराती नागरिकों के लिए शिक्षा पूरी तरह मुफ्त है. किंडरगार्टन से लेकर यूनिवर्सिटी तक की पढ़ाई सरकारी स्कूलों और यूनिवर्सिटीज में फ्री है. इसमें जायद यूनिवर्सिटी, यूएई यूनिवर्सिटी जैसी टॉप संस्थाएं शामिल हैं. अगर कोई मेरिटोरियस छात्र विदेश में पढ़ना चाहे तो सरकार स्कॉलरशिप भी देती है जिसमें ट्यूशन, रहने का खर्चा, टिकट और अन्य सुविधाएं शामिल होती हैं.
शादी के मामले में भी UAE सरकार युवाओं का साथ देती है. शेख जायद मैरिज फंड के तहत पहली बार शादी करने वाले एमिराती पुरुष को 70,000 दिरहम (लगभग 16 लाख रुपये) का वन-टाइम मैरिज ग्रांट मिलता है. यह राशि शादी के खर्चे और शुरुआती घरेलू सामान के लिए दी जाती है. 2026 में भी सरकार ने 3000 ऐसे ग्रांट्स के लिए 209 मिलियन दिरहम आवंटित किए हैं. कुछ अमीराती परिवारों और बिजनेसमैन भी अतिरिक्त सपोर्ट देते हैं.
सपनों का आशियाना भी मुफ्त
शादी के बाद सबसे बड़ा बेनिफिट हाउसिंग है. कम आय वाले नवविवाहित जोड़ों को सरकार फ्री रेसिडेंशियल प्लॉट (जमीन) देती है. अगर परिवार की मासिक आय कुछ हद तक कम है तो घर बनाने के लिए ग्रांट और जीरो इंटरेस्ट लोन भी उपलब्ध है. अबू धाबी में नवविवाहितों के लिए 75,000 दिरहम तक का रेंटल असिस्टेंस भी दिया जाता है.
कई मामलों में सरकार तैयार घर भी उपलब्ध कराती है. इनके अलावा UAE के नागरिकों को फ्री हेल्थकेयर की सुविधा भी मिलती है. सरकारी अस्पतालों में इलाज मुफ्त है. कुछ प्रोग्राम्स में फ्यूल अलाउंस, फूड अलाउंस और यूटिलिटी सपोर्ट भी शामिल है. सोशल वेलफेयर प्रोग्राम के तहत सीमित आय वाले परिवारों को मासिक फाइनेंशियल असिस्टेंस, हाउसिंग अलाउंस और बच्चों की पढ़ाई के लिए एकेडमिक एक्सीलेंस अलाउंस भी मिलता है. ये सुविधाएं सिर्फ नागरिकों (Emiratis) के लिए है. विदेशी निवासियों (एक्सपैट्स) को ये बेनिफिट्स नहीं मिलते.
