
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में नई कलेक्टर गाइडलाइन को अंतिम रूप देने के लिए राज्य सरकार ने विस्तृत सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। इस सर्वे में पटवारी, तहसीलदारों से लेकर पंजीयन विभाग के उप-पंजीयक तक सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
सुबह 10 से 12 बजे तक रजिस्ट्री बंद, दोपहर में ही मिल रही अपॉइंटमेंट

इस सर्वे के कारण रायपुर सहित प्रदेश के तमाम पंजीयन कार्यालयों में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक रजिस्ट्री की प्रक्रिया अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। इसके चलते नागरिकों को ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी दोपहर के बाद का ही मिल पा रहा है, जिससे भरी गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
समय घटा, लेकिन बढ़ाया नहीं गया
रजिस्ट्री प्रक्रिया में सुबह के दो घंटे बंद होने से पंजीयन का समय सिर्फ 12 बजे से शाम 5 बजे तक सीमित रह गया है। जबकि कार्यभार जस का तस है, जिससे कई लोगों को स्लॉट नहीं मिल पा रहे।
रजिस्ट्री की संख्या में आई कमी
रायपुर कार्यालय में पांच उप-पंजीयक हैं और एक घंटे में औसतन 50 से ज्यादा रजिस्ट्रियां होती हैं। सुबह के दो घंटे बंद होने से 100 से ज्यादा रजिस्ट्रियों का नुकसान प्रतिदिन हो रहा है, जिससे पंजीयन प्रक्रिया धीमी हो गई है।
30 अप्रैल तक जारी रहेगा यह अस्थायी परिवर्तन
सूत्रों के अनुसार, 30 अप्रैल 2025 तक सर्वे की रिपोर्ट मांगी गई है। रायपुर में सर्वे की गति धीमी है, जिससे माह के अंत तक ही रिपोर्ट मिलने की संभावना है। जब तक सर्वे पूरा नहीं होता, तब तक रजिस्ट्री अपॉइंटमेंट में सुबह का स्लॉट बंद ही रहेगा।
मुख्य पंजीयक का बयान
रायपुर के मुख्य पंजीयक विनोज कोचे ने जानकारी दी कि शासन के निर्देशानुसार सर्वे कार्य के लिए उप-पंजीयकों को तैनात किया गया है और सुबह 10 से 12 बजे तक की रजिस्ट्री सेवा अस्थायी रूप से रोकी गई है।
