जिला कार्यालय में हुई राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक
कोरबा। जिले में राजस्व कार्यों की प्रगति को लेकर जिला कार्यालय में राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मसाहती सर्वेक्षण कार्यों सहित विभिन्न राजस्व संबंधी योजनाओं और कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
113 मसाहती ग्रामों के सर्वेक्षण की प्रगति की समीक्षा
बैठक के दौरान जिले में चल रहे कुल 113 मसाहती ग्रामों में हो रहे सर्वेक्षण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से 8 ग्रामों का अंतिम प्रकाशन और 12 ग्रामों का प्रारंभिक प्रकाशन पूरा हो चुका है।
बाकी ग्रामों में मसाहती सर्वेक्षण का काम जारी है। राजस्व निरीक्षकों और हल्का पटवारियों को निर्देश दिया गया कि ग्रामवार खसरों का सत्यापन, प्रारंभिक और अंतिम प्रकाशन की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही राजस्व अभिलेखों की स्वच्छ और अद्यतन प्रतियां तैयार करने के लिए भी कहा गया।
कार्य में लापरवाही पर 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस
समीक्षा बैठक में सर्वेक्षण कार्य की धीमी प्रगति को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर एक राजस्व निरीक्षक और 14 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस (SCN) जारी किया गया है।
साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि मसाहती ग्रामों के सर्वेक्षण कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा कलेक्टर स्तर पर की जाएगी, ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके।
इन योजनाओं और कार्यों की भी हुई समीक्षा
बैठक में राजस्व विभाग से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की भी समीक्षा की गई, जिनमें शामिल हैं—
-
डीसीएस के तहत रबी फसल सर्वेक्षण
-
सातवीं लघु सिंचाई संगणना
-
डिजिटल किसान किताब
-
सीमांकन कार्यों की प्रगति
-
वन अधिकार अधिनियम के तहत पट्टा नामांतरण
-
स्वामित्व योजना
-
नक्शा बटांकन और नवीनीकरण कार्य
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इन सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को समय पर लाभ मिल सके।