SL vs ZIM: रावलपिंडी में खेली जा रही T20I ट्राई सीरीज के पांचवें मुकाबले मुकाबले में श्रीलंका के पथुम निसांका ने वह पारी खेली जिसकी श्रीलंका को सख्त जरूरत थी। उनकी 98 रन की धमाकेदार पारी ने न सिर्फ टीम को 9 विकेट से आसान जीत दिलाई, बल्कि उन्हें श्रीलंका का सर्वाधिक T20I रन स्कोरर भी बना दिया। निसांका ने कुसल परेरा को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। कुसल परेरा के नाम T20I में 2305 रन दर्ज हैं। श्रीलंका की जीत के हीरो पथुम निसांका ने 58 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 98 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस शानदार पारी में 11 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के लगाए।
T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाज
- पथुम निसांका – 2326
- कुसल परेरा – 2305
- कुसल मेंडिस – 2232
- तिलकरत्ने दिलशान – 1889
- दासुन शनाका – 1657
जिम्बाब्वे ने बनाए 146 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 146 रन ही बना सकी। जिम्बाब्वे की पारी का आगाज बेहद खराब रहा। टीम के 2 विकेट महज 17 रन पर गिर गए। इसके बाद ब्रायन बेनेट ने ब्रेंडन टेलर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी की। टेलर 14 रन बनाकर आउट हुए। टेलर के जाने के बाद ब्रायन बेनेट ने कप्तान सिकंदर रजा के साथ चौथे विकेट के लिए 29 गेंदों में 36 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी ने टीम को 89 के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। बेनेट 26 गेंदों में 1 छक्के और 4 चौकों की मदद से 34 रनों का योगदान दिया। वहीं, कप्तान रजा ने 29 गेंदों में 37 रनों की पारी खेली।
SL ने आसानी से हासिल किया का लक्ष्य
147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका के सलामी बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाया। सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका शुरुआत से ही लय में नजर आए। हालांकि, कामिल मिशारा छठे ओवर में 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बावजूद निसांका का बल्ले से कहर जारी रहा। कुसल मेंडिस ने निसांका का बेहतरीन साथ निभाते हुए 89 रन की अटूट साझेदारी की और टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया। शतक के करीब पहुंचकर निसांका ने रिचर्ड नगारावा के ओवर में लगातार चौका और छक्का लगाया, बावजूद इसके शतक के आंकड़ें सिर्फ दो रन दूर रह गए।
फाइनल की दौड़ हुई रोमांचक
श्रीलंका की इस धमाकेदार जीत से T20I ट्राई सीरीज का समीकरण रोचक हो गया है। पाकिस्तान पहले ही फाइनल में जगह पक्की कर चुका है। श्रीलंका का अगला मुकाबला पाकिस्तान से होगा और वही तय करेगा कि फाइनल में दूसरी टीम कौन होगी। जिम्बाब्वे अभी भी जीत की तलाश में है और अब उसकी उम्मीदें अन्य परिणामों पर निर्भर होंगी।