
भिलाई, छत्तीसगढ़ – दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक दामाद ने अपने ससुर पर पेट्रोल डालकर उन्हें आग के हवाले कर दिया। वारदात के समय बुजुर्ग सो रहे थे। झुलसे ससुर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी दामाद मौके से फरार हो गया है।
रात में सोते समय पेट्रोल डालकर जलाया
पीड़ित बसंत विश्वकर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब 1 बजे वह घर में चादर ओढ़कर सो रहे थे, तभी किसी ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जैसे ही वह चीखते हुए उठे, उन्होंने देखा कि उनका दामाद आग लगाकर भाग रहा था।

पारिवारिक विवाद बना वजह
बसंत ने आगे बताया कि उनकी बड़ी बेटी यमुना ने प्रभु नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। दोनों फिलहाल नारधा में किराये के मकान में रह रहे थे। कुछ दिन पहले यमुना अचानक बिना बताए घर से चली गई। इस पर बसंत ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
दामाद प्रभु को शक था कि ससुर ने ही अपनी बेटी को कहीं भेज दिया है या छिपा लिया है। इसी शक के चलते वह रंजिश पाल रहा था। आशंका है कि इसी कारण से उसने जान से मारने की कोशिश की।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार
पुलिस ने आरोपी प्रभु के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पीड़ित का चेहरा, गला, पीठ और हाथ बुरी तरह से झुलस गया है और उसका इलाज जारी है।
