बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने बेटे की बर्थडे पार्टी का बहाना बनाकर युवक को घर बुलाया और फिर साजिश के तहत उसका अश्लील वीडियो बनाकर 1 लाख रुपये की मांग करने लगी।
पीड़ित युवक की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
बर्थडे पार्टी के बहाने घर बुलाया
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार आरोपी महिला युवक के पास के ही गांव में रहती है। उसने 1 फरवरी को अपने बेटे के जन्मदिन के बहाने युवक को घर बुलाया।
बताया जा रहा है कि जब युवक वहां पहुंचा, तब घर में पहले से ही उसकी परिचित एक अन्य महिला मौजूद थी।
कमरे में भेजकर बनाया अश्लील वीडियो
युवक का आरोप है कि महिला ने दोनों को एक कमरे में भेज दिया। इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने।
आरोप है कि उसी समय आरोपी महिला ने छिपकर दोनों का अश्लील वीडियो बना लिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी
कुछ दिनों बाद महिला ने युवक के मोबाइल पर वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
महिला ने युवक से 1 लाख रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
ब्लैकमेलिंग से परेशान युवक ने की शिकायत
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर युवक ने सोमवार को पचपेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई। युवक का कहना है कि उसे फंसाने के लिए पहले से पूरी साजिश रची गई थी।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह के अनुसार पीड़ित नोहर कुमार सूर्यवंशी (33) ने मामले की शिकायत की है, जो केंवतरा आवासपारा का निवासी और निजी नौकरी करता है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।