रायपुर | छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टैगोर नगर इलाके से ब्लैकमेलिंग और धमकी का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक युवक ने युवती के निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर परिवार से 5 लाख रुपये की मांग की।
आरोपी ने न सिर्फ पैसे मांगे, बल्कि युवती की मां को बीच सड़क पर रोककर पति की हत्या और बेटी के अपहरण की धमकी भी दी, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।
कुत्ता घुमाने निकली महिला को रास्ते में रोका
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार यह घटना 5 मार्च की रात करीब 10 बजे की है। पीड़िता अपनी पालतू कुत्ते को घुमाने के लिए घर से बाहर निकली थी।
इसी दौरान बैजनाथपारा निवासी हार्दिक जैन वहां पहुंचा और पुजारी पार्क के पास महिला का रास्ता रोक लिया।
अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
आरोपी ने महिला से कहा कि उसके पास उनकी बेटी के निजी और अश्लील फोटो व वीडियो मौजूद हैं। उसने धमकी दी कि यदि परिवार ने 5 लाख रुपये नहीं दिए, तो वह इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
इस धमकी से महिला घबरा गई और विरोध करने लगी।
पति की हत्या और बेटी के अपहरण की धमकी
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गया।
लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। 6 मार्च की दोपहर करीब 4 बजे आरोपी ने महिला को फोन कर फिर धमकाया। इस दौरान उसने कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो वह महिला के पति को चाकू मार देगा और बेटी का अपहरण कर ले जाएगा।
दहशत में पूरा परिवार
लगातार मिल रही धमकियों के बाद से पीड़ित परिवार डर और तनाव के माहौल में जी रहा है। परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए सिटी कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश ठाकुर के अनुसार शिकायत के आधार पर आरोपी हार्दिक जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।