IPL 2026 के लिए मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा जमकर तैयारी कर रहे हैं। इस सीजन वह बल्लेबाजी में कुछ यादगार पारी खेलकर अपनी टीम को छठा आईपीएल खिताब दिलाना चाहेंगे। लेकिन इस सीजन रोहित शर्मा को संभलकर बैटिंग करनी होगी। उन्हें आईपीएल 2026 में डक पर आउट होने से बचना होगा, क्योंकि अगर वह आगामी सीजन में दो बार डक पर आउट होते हैं तो उनके नाम एक बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो सकता है। पिछले सीजन में रोहित का प्रदर्शन मुंबई इंडियंस के लिए अच्छा रहा था।
रोहित के नाम हो सकता है ये शर्मनाक रिकॉर्ड
आईपीएल 2026 में रोहित अगर दो पारियों में बिना कोई रन बनाए आउट होते हैं तो वह इस लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। ये अनचाहा रिकॉर्ड उनके नाम जुड़ जाएगा। गौरतलब है कि फिलहाल ये शर्मनाक रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल के नाम दर्ज है। वह आईपीएल में 141 मैचों की 135 पारियों में 19 बार डक पर आउट हुए। आईपीएल में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर दिनेश कार्तिक और रोहित शर्मा संयुक्त रूप से मौजूद हैं। दोनों ही खिलाड़ी 18-18 बार इस टूर्नामेंट में जीरो पर आउट हुए हैं।
IPL में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाज
- ग्लेन मैक्सवेल – 19 बार
- दिनेश कार्तिक – 18 बार
- रोहित शर्मा – 18 बार
- सुनील नारायण – 17 बार
- राशिद खान – 16 बार
मैक्सवेल और कार्तिक नहीं खेलेंगे आईपीएल 2026 में
बता दें कि ग्लेन मैक्सवेल को आईपीएल 2026 के ऑक्शन से पहले पंजाब किंग्स ने रिलीज कर दिया था। इसके बाद उन्होंने ऑक्शन के लिए अपना नाम रजिस्टर नहीं करवाया। वहीं दूसरी तरफ दिनेश कार्तिक पहले ही आईपीएल से अपना रिटायरमेंट ले चुके हैं। यानी ये दोनों ही खिलाड़ी साल 2026 के आईपीएल में खेलते नजर नहीं आएंगे। ऐसे में रोहित थोड़ी भी गलती करते हैं तो वो इस शर्मनाक रिकॉर्ड लिस्ट में सबसे ऊपर पहुंच जाएंगे।
आईपीएल में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं रोहित
बता दें कि रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने अब तक 272 आईपीएल मैचों में लगभग 30 की औसत और 132 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 7046 रन बनाए हैं। वो इस टूर्नामेंट में विराट कोहली के बाद दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी भी हैं। विराट ने इस टूर्नामेंट में अब तक 267 मैचों की 259 पारियों में 8661 रन बनाए हैं। रोहित आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है।