शादी का झांसा देकर संबंध, युवती की मौत के बाद आरोपी गिरफ्तार...

बलौदाबाजार। शादी का झांसा देकर प्रेम संबंध बनाने और बाद में इनकार करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। युवती की आत्महत्या के बाद यह कार्रवाई की गई। मामला पुलिस चौकी गिरौदपुरी क्षेत्र का है, जहां इस घटना ने स्थानीय स्तर पर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। जानकारी के अनुसार, गिरौदपुरी निवासी एक युवती का आरोपी अजय टंडन के साथ प्रेम संबंध था।

आरोप है कि आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर अपने साथ संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से मुकर गया। 25 जनवरी 2026 को युवती ने आरोपी को अपने घर बुलाकर शादी के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। इस घटना से आहत होकर युवती ने उसी दिन आत्महत्या का प्रयास किया। उसने पहले अपने हाथ की कलाई काट ली और फिर कीटनाशक का सेवन कर लिया।

घटना के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन तुरंत युवती को इलाज के लिए कसडोल और बाद में बलौदाबाजार के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान 1 फरवरी 2026 को उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर चौकी गिरौदपुरी में मामला पंजीबद्ध किया गया और आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अजय टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

जिसमें उसने युवती को शादी का झांसा देने और बाद में इनकार करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी के इस व्यवहार से युवती मानसिक रूप से आहत हुई, जिसके कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लंबे समय से युवती के संपर्क में था और उसने भरोसे का फायदा उठाया।

पुलिस ने आरोपी अजय टंडन, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम बलौदा (हसुवा), थाना गिधौरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोगों ने इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *