भिलाई [न्यूज़ टी 20] Droupadi Murmu Swearing-in Live Updates: संसद के केन्द्रीय कक्ष में शपथ ग्रहण समारोह के समापन पर द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होंगी, जहां उन्हें एक इंटर.सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर, दिया जाएगा और निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का शिष्टाचार सम्मान किया जाएगा. द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समाज से आने वाली देश की पहली राष्ट्रपति होंगी.

नई दिल्लीः नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की शपथ लेंगी. शपथ ग्रहण के बाद उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी. केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक राष्ट्रपति पद के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सुबह करीब 10ः15 बजे संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में होगा, जहां प्रधान न्यायाधीश एनवी रमण, द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगे. राष्ट्रपति पद पर आसीन होने के बाद मुर्मू का संबोधन होगा.

शपथ ग्रहण समारोह से पहले निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और नचनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद पहुंचेंगे. उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख अधिकारी एवं सैन्य अधिकारी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. आपको बता दें कि द्रौपदी मुर्मू आदिवासी समाज से आने वाली देश की पहली राष्ट्रपति होंगी.

शपथ ग्रहण समारोह के समापन के बाद का शेड्यूल

सुबह 10ः23 बजेः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद को संबोधित करेंगी.
सुबह 10ः33 बजेः उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू राष्ट्रपति मुर्मू का अभिभाषण अंग्रेजी में पढ़ेंगे.
सुबह 10ः37 बजेः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद से प्रस्थान करेंगी.
सुबह 10ः42 बजेः राष्ट्रपति मुर्मू अपने अंगरक्षक दस्ते की सलामी स्वीकार करेंगी.
सुबह 10ः57 बजेः राष्ट्रपति मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राष्ट्रपति भवन पहुंचेंगे और दोनों राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में सलामी लेंगे.
सुबह 10ः59 बजेः राष्ट्रपति और पूर्व राष्ट्रपति नॉर्थ कोर्ट में कावेरी रूम पहुंचेंगे.

25 Jul 2022 07:14 (IST)

शपथ ग्रहण समारोह का पूरा शेड्यूल

सुबह 8ः30 बजेः नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राजघाट पहुंचेंगी और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी.

सुबह 9ः22 बजेः नवनिर्वाचित राष्ट्रपति, राष्ट्रपति भवन के नाॅर्थ कोर्ट पहुंचेंगी. वह कावेरी कक्ष (समिति कक्ष) जाएंगी जहां निवर्तमान राष्ट्रपति उनकी अगवानी करेंगे.

सुबह 9ः42 बजेः राष्ट्रपति कोविंद और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति दरबार हॉल के लिए कावेरी कक्ष से ​​निकलेंगे. वहां राष्ट्रपति और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा.

सुबह 9ः49 बजेः राष्ट्रपति के अंगरक्षक फोरकोर्ट में सलामी मंच पर राष्ट्रीय सलामी देंगे. राष्ट्रपति कोविंद सलामी लेंगे.

सुबह 9ः50 बजेः राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अंगरक्षक दस्ते के साथ संसद के लिए रवाना होंगे.

सुबह 10ः03 बजेः निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और नचनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में पहुंचेंगे.

सुबह 10ः15 बजेः द्रौपदी मुर्मू भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी. भारत के प्रधान न्यायाधीश एनवी रमण उन्हें शपथ दिलाएंगे. इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 21 तोपों की सलामी दी जाएगी.

25 Jul 2022 07:01 (IST)

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान द्रौपदी मुर्मू का परिवार भी मौजूद रहेगा

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान द्रौपदी मुर्मू का परिवार भी मौजूद रहेगा. वह संथाली साड़ी पहन सकती हैं. उनकी भाभी सुकरी टुडू पूर्वी भारत में महिलाओं द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली विशेष संथाली साड़ी के साथ दिल्ली रवाना हो गई हैं. उन्होंने दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं दीदी द्रौपदी मुर्मू के लिए संथाली साड़ी लेकर जा रही हूं. उन्होंने कहा कि मैं विश्वास के साथ नहीं कह सकती कि वह शपथ ग्रहण समारोह के दौरान क्या पहनेंगी, लेकिन फिर भी मैं संथाली साड़ी ले जा रही हूं. उम्मीद करती हूं कि वह शपथ ग्रहण के दौरान यही साड़ी पहनें.

25 Jul 2022 06:57 (IST)

द्रौपदी मुर्मू आजादी के बाद पैदा होने वाली पहली राष्ट्रपति होंगी

द्रौपदी मुर्मू आजादी के बाद पैदा होने वाली पहली और शीर्ष पद पर काबिज होने वाली सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति होंगी. उन्होंने 64 ने 21 जुलाई को विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराया था. मुर्मू ने निर्वाचक मंडल का 64 प्रतिशत से अधिक वैध मत प्राप्त किए. यशवंत सिन्हा के 3,80,177 वोटों के मुकाबले द्रौपदी मुर्मू को 6,76,803 वोट मिले.

25 Jul 2022 06:54 (IST)

शपथ ग्रहण समारोह के समापन पर द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होंगी

संसद के केन्द्रीय कक्ष में शपथ ग्रहण समारोह के समापन पर द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होंगी, जहां उन्हें एक ‘इंटर-सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया जाएगा और निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का शिष्टाचार सम्मान किया जाएगा.

25 Jul 2022 06:50 (IST)

भारत के प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति एनवी रमण दिलाएंगे द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ

संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में भारत के प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति एनवी रमण, द्रौपदी मुर्मू को देश की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाएंगे. वह आदिवासी समाज से आने वाली भारत की पहली राष्ट्रपति होंगी, इसके अलावा दूसरी महिला राष्ट्रपति. प्रतिभा देवी सिंह पाटिल भारत की पहली महिला राष्ट्रपति थीं.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *