
देवघर में अद्भुत घटना: अंतिम संस्कार से पहले बंदर ने किया ऐसा काम, हर कोई रह गया हैरान
देवघर (झारखंड): देवभूमि देवघर में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सभी को भावुक कर दिया है। झामुमो कार्यकर्ता और किसान मुन्ना सिंह के अंतिम संस्कार के दौरान एक बंदर ने जो व्यवहार किया, वह चर्चा का विषय बन गया है।
शव के पास बैठा, कफन हटाया, चेहरा निहारा और चूमा
घटना देवघर के सारठ प्रखंड के ब्रह्मसोली गांव की है। मुन्ना सिंह की मौत हार्ट अटैक से हुई थी और उनका शव शमशान घाट लाया गया था। जैसे ही चिता की तैयारी शुरू हुई, एक बंदर आया और शव के सिरहाने बैठ गया।
उसने कफन हटाकर चेहरा देखा और 5-6 मिनट तक निहारता रहा, फिर चेहरे को चूमा। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया।

बंदर ने पूरी अंत्येष्टि में निभाई चुपचाप मौजूदगी
बंदर शव के पूरी तरह जलने तक वहां बैठा रहा और एकटक देखता रहा। अंतिम संस्कार पूरा होने के बाद वह चुपचाप वहां से चला गया। न कोई शोर, न कोई दौड़-भाग… न कोई वापसी।
किसी को पता नहीं कि वह बंदर कहां से आया था और कहां गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल, लोग बोले – हनुमान जी का चमत्कार
श्मशान घाट पर मौजूद लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर आया, लाखों लोगों ने इसे देखा और शेयर किया।
लोगों का मानना है कि यह कोई आम बंदर नहीं था, बल्कि भगवान हनुमान खुद अपने भक्त को अंतिम विदाई देने आए थे।
आस्था और भावुकता से जुड़ी घटना ने छू लिया लोगों का दिल
इस घटना ने लोगों के दिलों को छू लिया है। ‘पता नहीं किस रूप में नारायण मिल जाए’ — इस भजन की पंक्तियां यहां चरितार्थ होती नजर आईं। वीडियो पर भावनात्मक प्रतिक्रियाएं लगातार आ रही हैं।
