दुर्ग। जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता प्रीतपाल बेलचंदन को दुर्ग जिला केंद्रीय सहकारी बैंक का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ सरकार के पंजीयन एवं सहकारी संस्थाएं विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि प्रीतपाल बेलचंदन इससे पूर्व भी दुर्ग जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष रह चुके हैं। वे तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में भी इस पद पर नियुक्त रहे थे।

हालांकि, उनके कार्यकाल को लेकर भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोप भी सामने आ चुके हैं। जानकारी के अनुसार, 8 अगस्त 2014 से 12 जून 2020 के बीच पंजीयन सहकारी संस्थाएं विभाग की अनुमति के बिना 234 प्रकरणों में लगभग 13 करोड़ 50 लाख रुपये की अनुदान राशि में गड़बड़ी के आरोप उन पर लगे हैं। कुल मिलाकर यह राशि लगभग 14 करोड़ 89 लाख रुपये बताई गई है।
इस मामले में कोतवाली थाना में अपराध दर्ज है, जिसकी जांच अभी भी जारी है। जांच के दौरान प्रीतपाल बेलचंदन न्यायिक हिरासत में जेल भी जा चुके हैं।
उनकी दोबारा नियुक्ति को लेकर जिले की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।