अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में धर्मांतरण के आरोप पर छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।इनमें तीन महिला तथा तीन पुरुष है। यह कार्रवाई बसंतपुर थाना क्षेत्र में हुई है। फुलमनी नामक महिला की शिकायत पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ धर्म स्वतन्त्रा अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

महिला ने लिखित शिकायत की थी कि उसके पति का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता है। महिला को पैसे का प्रलोभन दिया गया था। उसे झांसा दिया गया था कि उसके पति को ठीक कर दिया जाएगा। इसके लिए रविवार शाम को एक घर में आयोजित चंगाई सभा में उसे धर्मांतरण के लिए बुलाया गया था। शिकायत पर बसंतपुर थाना प्रभारी कुमार चंदन सिंह के साथ पुलिस की टीम उक्त मकान में पहुंची थी। वहां बीमारी ठीक करने,कष्टों के निवारण का झांसा देकर लोगों को बुलाया गया था।

पूछताछ में प्रलोभन की पुष्टि पर पुलिस ने कार्यक्रम आयोजन के संबन्ध में जानकारी मांगी। कोई अनुमति नहीं ली गई थी। ऐसे में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। मत परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाए जाने का भी आरोप लग रहा है। इसके पहले जिला मुख्यालय बलरामपुर में भी धर्मांतरण के आरोप पर कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *