बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिला में डबरी किनारे मिली युवती की लाश के मामले में पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाकर युवती के हत्यारे को अरेस्ट कर लिया हैं। पुलिस की माने तो युवती की हत्या किसी और ने नही बल्कि बल्कि उसी के बॉयफ्रेंड ने किया था। घटना के दिन दोनों साथ में शादी करने के लिए निकले थे। लेकिन रास्ते में दोनों के बीच झगड़ा हो गया। जिसके बाद युवक ने लड़की पर रॉड से जानलेवा हमला कर दिया, फिर मौके पर ही उसे तड़पता हुआ छोड़कर भाग गया था। मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

अंधे कत्ल का ये मामला बलौदाबाजार के पलारी थाना क्षेत्र का है। गौरतलब हैं कि गिधपुरी पलारी मार्ग से अंदर की ओर कौड़िया गांव का मुक्तिधाम है। यहां रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने डबरी के पास बदबू आने पर एक युवती का शव देखा था। लाश के पास कुत्ते भी घूम रहे थे, लड़की की लाश औंधे मुंह जमीन पर पड़ा था। जबकि लाश के एक हाथ को कुत्तों ने नोच लिया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम द्वारा घटना की जांच शुरू की गयी। फॉरेंसिक की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू की।

शुरुआत में पुलिस को युवती के बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इस बीच फॉरेंसिक की टीम ने युवती के शव की जांच करने पर उसके जेब से आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के आधार पर ही युवती की पहचान तूरमा निवासी आश्मा मनहरे पिता धरम मनहरे के रूप में की थी।शव की पहचान होने पर युवती के परिजनों को इस घटना की जानकारी दी गयी। पुलिस से सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों से पूछताछ में पता चला कि आश्मा का प्रेम प्रसंग पास के मिर्गी गांव के रहने वाले दिनेश सेन नामक युवक के साथ चल रहा था। परिजनों ने बताया कि दोनों के बीच लगभग 4 साल से संबंध था। परिजनों ने बताया कि लड़की 29 जून की रात से ही गायब थी। लड़की के घर से लापता होने के बाद घरवालें उसकी तलाश कर रहे थे।

लड़की के प्रेमी दिनेश के घर भी परिजन गए थे, मगर वह घर में ही था। इस वजह से उन्हें दिनेश पर शक नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत भाटापारा ग्रामीण थाने में की थी।परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने इस मामले में संदेही दिनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू किया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर दिनेश ने बताया कि 29 जून की रात उसके पास आश्मा का फोन आया था। वो शादी करने के लिए कह रही थी। आरोपी ने शादी करने से इंकार करते हुए कुछ दिन रूकने की बात कहा था, लेकिन युवती नही मानी।इसके बाद रात को ही दिनेश लड़की के घर पहुंचा।

इसके बाद आश्मा घर से दिनेश के साथ आ गयी। घर से निकलने के बाद दोनों बाइक से रायपुर जाने के लिए रवाना हुऐ थे। इस बीच रास्ते में मुक्तिधाम के पास दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी ने बताया कि उसे अपनी प्रेमिका पर किसी दूसरे लड़के से मोबाइल पर बात करने का शक था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इस दौरान तैश मेें आकर दिनेश ने बाइक में पहले से ही रखी रॉड से आश्मा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। इससे वह खून से लथपथ होकर मुक्तिधाम के पास ही गिर गई। युवती को तड़पता छोड़कर आरोपी वापस अपने घर लौट आया। पुलिस ने इस खुलासे के बाद आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर लिया हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *