दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या या किसी आपराधिक घटना की आशंका से इनकार किया गया है। पुलिस के अनुसार युवक की मौत हार्ट अटैक से होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
घटनास्थल का विवरण
पुलिस के मुताबिक जियो पेट्रोल पंप के पीछे युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की उम्र करीब 27 से 30 वर्ष के बीच आंकी गई है। युवक की शर्ट खुली हुई थी और बेल्ट भी खुली मिली, हालांकि शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए, जिससे मारपीट या हादसे की आशंका कम मानी जा रही है।
पुलिस का पक्ष
कुम्हारी थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल से कोई भी संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आया है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा आसपास के इलाकों में युवक की पहचान को लेकर पूछताछ की जा रही है।
सीएसपी का बयान
सीएसपी छावनी प्रशांत पैकरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला हार्ट अटैक से मौत का प्रतीत होता है। उन्होंने संभावना जताई कि युवक वॉशरूम के लिए गया होगा, इसी दौरान उसे अटैक आया। गर्मी के कारण उसने जूते उतारे और शर्ट के बटन खोले होंगे। वहीं लेटने के बाद उसकी मौत हो गई और शव उसी अवस्था में बरामद हुआ।
सीएसपी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी भी आपराधिक गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।