दिल्ली/रायपुर: सांसद बृजमोहन अग्रवाल को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला द्वारा एक महत्वपूर्ण संसदीयय जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें ‘विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक, 2025’ पर गठित संसद की संयुक्त समिति (Joint Committee of Parliament) का सदस्य नामित किया गया है। यह विधेयक देश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विज़न को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

शिक्षा सुधार से जुड़े बड़े विधेयक पर काम करेगी समिति
विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक 2025 का उद्देश्य शिक्षा ढांचे को आधुनिक, समावेशी और परिणाम आधारित बनाना है। इस विधेयक की गहन समीक्षा और सुझावों के लिए संसद की संयुक्त समिति बनाई गई है, जिसमें बृजमोहन अग्रवाल को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
बृजमोहन अग्रवाल ने जताया आभार
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस जिम्मेदारी के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि उन्हें शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र से जुड़े विधेयक पर काम करने का अवसर मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति का काम देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत आधार देने में सहायक होगा।
विकसित भारत विज़न में शिक्षा की अहम भूमिका
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षा सबसे मजबूत स्तंभ है। यह विधेयक शिक्षा प्रणाली में संरचनात्मक सुधार, गुणवत्ता उन्नयन और संस्थागत मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।