छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित नए पुल से 19 वर्षीय युवक ने इंद्रावती नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
सुसाइड से पहले मां को किया आखिरी कॉल
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान तरुण दास (19) के रूप में हुई है। मंगलवार रात उसने अपनी मां को फोन कर कहा—“अलविदा, जा रहा हूं… अब नहीं लौटूंगा।” इसके बाद कॉल काट दी। घबराई मां ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने इंद्रावती नदी में छलांग लगा दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस और SDRF टीम
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और नगर सेना की एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से युवक की चप्पल और मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी युवक को नदी में कूदते देखा था। रात में अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आईं, लेकिन बुधवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई और युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि तरुण की मां पुलिस विभाग में पदस्थ हैं, जबकि पिता भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। परिवार से जुड़े कुछ निजी कारणों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही विस्तृत जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
महत्वपूर्ण सूचना
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो तुरंत परिवार, मित्रों या किसी पेशेवर काउंसलर से संपर्क करें। समय पर सहायता जीवन बचा सकती है।