'जिंदा तो हैं, लेकिन घायल हैं मुज्तबा खामेनेई', ईरान के सुप्रीम लीडर को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा

वॉशिंगटन: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग ने पूरे मिडिल ईस्ट को अपनी चपेट में ले लिया है। ईरान ने अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों के जवाब में खाड़ी देशों यूएई, बहरीन, कुवैत, कतर और सऊदी अरब पर हमले किए हैं। जंग के बीच ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि ईरान के नए नियुक्त सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई अभी भी किसी ना किसी रूप में जीवित हैं, भले ही ईरान में जंग शुरू होने के बाद से पद संभालने तक उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है।

‘हमले में घायल हुए मुज्तबा खामेनेई’

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह दावा अमेरिकी मीडिया की एक रिपोर्ट के बाद सामने आया है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि मुज्तबा खामेनेई 28 फरवरी को तेहरान में हुए हमले के दौरान घायल हो गए थे। अमेरिका और इजरायल के इस संयुक्त हमले में  उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि मुज्तबा खामेनेई संभवत कोमा में हैं।

ट्रंप ने क्या कहा?

फॉक्स न्यूज रेडियो पर ‘ब्रायन किल्मीड शो’ से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि शायद वो (मुज्तबा खामेनेई) जीवित हैं। मुझे लगता है कि उन्हें चोट लगी है, लेकिन मुझे लगता है कि वो शायद किसी ना किसी रूप में जीवित हैं, आप जानते हैं।” यह इंटरव्यू गुरुवार को रिकॉर्ड किया गया था और शुक्रवार सुबह प्रसारित किया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति की यह टिप्पणी मुज्तबा खामेनेई के पद संभालने के बाद दिए गए पहले सार्वजनिक बयान के बाद आई, जिसमें उन्होंने संकेत दिया था कि ईरान, अमेरिका और इजरायल के साथ जंग में पीछे नहीं हटेगा।

मुज्तबा खामेनेई का संदेश

इससे पहले ईरान के लोगों को दिए अपने संदेश में मुज्तबा खामेनेई ने कहा था कि हम आपके शहीदों के खून का बदला लेने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान को होर्मुज स्ट्रेट को बंद कर देना चाहिए और अपने खाड़ी अरब पड़ोसियों पर लगातार हमले करते रहना चाहिए ताकि दबाव बनाया जा सके।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *