कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी सुमित्रा बघेल अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
Jagdalpur News: बस्तर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी सुमित्रा बघेल (51 वर्ष) द्वारा आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह उन्होंने स्टेट बैंक चौक स्थित अपने निवास पर धारदार हथियार से खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया।
हाथ, पेट और गले पर आईं गंभीर चोटें
घटना में सुमित्रा बघेल के हाथ, पेट और गले में गहरी चोटें आई हैं, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
डॉक्टरों के अनुसार हालत खतरे से बाहर
सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। चिकित्सकों की एक विशेष टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।
सुबह 7 बजे हुई घटना, विधायक घर पर थे मौजूद
जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 7 बजे की है। विधायक लखेश्वर बघेल घर पर ही मौजूद थे। जब वे किसी काम से कमरे में पहुंचे तो उन्होंने अपनी पत्नी को बाथरूम के पास अचेत अवस्था में लहूलुहान देखा। इसके बाद वे तुरंत उन्हें निजी वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचे।
मानसिक तनाव को बताया जा रहा कारण
पुलिस जांच में परिजनों ने बताया कि कुछ महीने पहले सुमित्रा बघेल की माता का निधन हो गया था, जिसके बाद से वे मानसिक तनाव में थीं। साथ ही वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ भी चल रही थीं।
बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर
परिवार के सदस्यों के अनुसार उनकी स्थिति में सुधार है, लेकिन बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उन्हें रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
शहर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली है और मामले की जांच जारी है। घटना की सूचना मिलने पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी अस्पताल पहुंचे।