Bilaspur News (बिलासपुर समाचार): बिलासपुर के मस्तूरी गोलीकांड (Masturi Firing Case) में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है — मुख्य आरोपी कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत निकला है, जिसने राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई में षड्यंत्र रचकर हमला करवाया था। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पिस्टल, कट्टा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा मामला
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विश्वजीत अनंत, जो युवक कांग्रेस का नेता है, अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह से पुरानी रंजिश रखता था। दोनों के बीच वर्षों से राजनीतिक और ज़मीन विवाद चल रहा था। इसी खुन्नस में विश्वजीत ने नितेश सिंह और उनके साथियों की हत्या की साजिश रची।
शूटआउट की पूरी साजिश और रेकी
आरोपियों ने पहले 25 अक्टूबर को वारदात की योजना बनाई थी, लेकिन प्लान विफल रहा। इसके बाद 28 अक्टूबर की शाम को उन्होंने दो मोटरसाइकिलों में सवार होकर मस्तूरी जनपद कार्यालय के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की। लगभग 12 से 15 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग कर बची जान
हमले के दौरान जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की। उनकी त्वरित प्रतिक्रिया के कारण हमलावर भाग निकले, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
दो लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी
फायरिंग में राजू सिंह और चंद्रकांत सिंह गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को पहले मस्तूरी अस्पताल और फिर अपोलो हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से 13 खाली कारतूस, 10 बुलेट, और 3 हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई – 7 आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी रजनेश सिंह और एडिशनल एसपी अर्चना झा के नेतृत्व में 6 पुलिस टीमों ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। सुराग मिलने पर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों पर धारा 109, 3(5) BNS, और 25, 27 Arms Act के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपी और अन्य गिरफ्तार व्यक्ति
-
विश्वजीत अनंत (कांग्रेस नेता, ग्राम मोहतरा)
-
अरमान उर्फ बलमजीत अनंत
-
चाहत उर्फ विक्रमजीत
-
मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ नफीस
-
मोहम्मद मतीन उर्फ मोंटू
6-7. दो नाबालिग किशोर आरोपी
बरामद सामग्री
-
देशी पिस्टल – 02 नग
-
देशी कट्टा – 01 नग
-
मैगजीन – 05 नग
-
जिंदा कारतूस – 04 नग
-
खाली खोखे – 13 नग
-
मोबाइल फोन – 05 नग
पुलिस की सख्त निगरानी, जांच जारी
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अन्य कौन लोग इस साजिश में शामिल थे और किसने आर्थिक सहायता दी। बताया गया है कि आरोपी तारकेश्वर पाटले ने विश्वजीत अनंत को 1 लाख रुपये दिए थे, जिसे उसने अपने साथियों में बांटा।