दुर्ग, छत्तीसगढ़। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह का दुर्ग पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और दोपहिया वाहन समेत करीब 6.15 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।

कई थाना क्षेत्रों में सक्रिय था चोरी का गिरोह

पुलिस के मुताबिक यह गिरोह पाटन, उतई, अमलेश्वर, नंदनी और रानीतराई थाना क्षेत्रों में लगातार सूने घरों को निशाना बना रहा था। पिछले कुछ महीनों से ग्रामीण इलाकों में चोरी की घटनाएं बढ़ने से लोगों में डर का माहौल था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया।

एसपी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम

लगातार हो रही चोरियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की जिम्मेदारी दी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के जरिए संदिग्धों की पहचान की।

रेकी कर वारदात को देते थे अंजाम

जांच में सामने आया कि रायपुर के मठपुरैना क्षेत्र के रहने वाले तीन आरोपी — मनीष अमोरिया, जितेंद्र गायकवाड़ और रवि साहू — को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे इडली-डोसा का काम करते हैं और खाली समय में सूने मकानों की रेकी कर चोरी करते थे।

अलग-अलग गांवों में की थी चोरी

आरोपियों ने कई वारदातें कबूल कीं, जिनमें शामिल हैं:

  • ग्राम अछोटी में सूने मकान से चांदी के सामान की चोरी

  • ग्राम औसर में सोने-चांदी के जेवर और नकद रकम पार

  • गोडपेण्ड्री (उतई क्षेत्र) में लॉकेट, पायल और नकदी की चोरी

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया।

जेवर, नकद और वाहन जब्त, सभी आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:

  • सोने-चांदी के जेवरात

  • नकद राशि

  • वारदात में इस्तेमाल 3 दोपहिया वाहन
    बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *