रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई, जिसका उद्देश्य चोरी और अवैध स्क्रैप कारोबार पर अंकुश लगाना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा थाना पुलिस ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में कबाड़ और वाहन जब्त किए।
6 ट्रक और 1 माजदा वाहन में भरा था अवैध स्क्रैप
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन को पकड़ा, जिनमें करीब 134 टन लोहे का स्क्रैप लोड था।
जांच के दौरान वाहन चालकों से स्क्रैप परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी चालक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहनों सहित स्क्रैप को जब्त कर लिया।
जब्त सामग्री और वाहनों की कीमत
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए स्क्रैप की कीमत करीब 50.75 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि वाहनों की कीमत लगभग 65 लाख रुपये है।
इस तरह पूरी कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
कई स्थानों पर की गई घेराबंदी
पूंजीपथरा पुलिस ने तमनार चौक, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा मेन रोड और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर वाहनों को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक यह स्क्रैप स्थानीय प्लांट में खपाने की योजना से ले जाया जा रहा था।
मिनी राइस मिल में छापा, मैग्नीज मेटल बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूंजीपथरा स्थित एक मिनी राइस मिल में भी छापा मारा। यहां से मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे की बोरियां बरामद की गईं।
पुलिस ने मौके से
-
मैग्नीज मेटल की 43 बोरियां (करीब 1290 किलो)
-
पाईलेट लोहे की 57 बोरियां (करीब 2.28 टन)
बरामद कीं। इनकी कुल कीमत करीब 76 हजार रुपये बताई गई है।
8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के 8 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
आरोपियों पर धारा 35(क)(ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएसपी के निर्देश पर चल रहा “ऑपरेशन प्रहार”
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिले में बढ़ रही चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर रोक लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इसी के तहत थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर जानकारी जुटाई और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।