Unknown Facts: कल्पना कीजिए कि आप ऐसी जगह पर रहते हों जहां बारिश आपके पैरों के नीचे हो रही हो, लेकिन आपका गांव पूरी तरह सूखा रहे. यह कोई फिल्मी सीन नहीं, बल्कि हकीकत है.
यमन की राजधानी सना के पास स्थित अल हुतैब गांव दुनियाभर के वैज्ञानिकों, यात्रियों और भूगोलविदों को हैरान करता है. इस गांव की सबसे खास बात यह है कि यहां कभी बारिश नहीं होती.
बादलों से भी ऊपर बसा गांव
अल हुतैब समुद्र तल से करीब 3200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. आमतौर पर बारिश वाले बादल 1500 से 2000 मीटर की ऊंचाई पर बनते हैं और वहीं बरसते हैं. लेकिन इस गांव के मामले में बादल गांव से नीचे जमा होते हैं और घाटियों में बारिश करते हैं. यानी गांव के लोग अपने घरों के नीचे गरज-चमक और तेज बारिश का नजारा देखते हैं, जबकि उनका इलाका सूखा रहता है. यह दुनिया की उन चुनिंदा जगहों में से एक है जहां लोग सचमुच मौसम से ऊपर रहते हैं.
यहां बारिश न होने के बावजूद मौसम काफी कठिन है. अधिक ऊंचाई और पतली हवा के कारण सुबह बेहद ठंडी होती है. जैसे-जैसे सूरज ऊपर चढ़ता है, तापमान तेजी से बढ़ता है और दोपहर में काफी गर्मी हो जाती है. चूंकि गांव बादलों की परत से ऊपर है, इसलिए यहां सीधी और तेज धूप पड़ती है.
अल हुतैब केवल अपने अनोखे मौसम के लिए ही नहीं, बल्कि धार्मिक महत्व के कारण भी प्रसिद्ध है. यह बोहरा समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल है. यहां तीसरे दाई अल मुतलाक सैयदना हातिम बिन इब्राहिम अल हमीदी की दरगाह स्थित है.भारत, पाकिस्तान और दक्षिण एशिया के अन्य हिस्सों से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं.
बिना बारिश के भी होती है खेती
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यहां खेती भी सफलतापूर्वक की जाती है. ग्रामीण पहाड़ी ढलानों पर सीढ़ीदार खेती करते हैं.
सीधे बारिश न होने के बावजूद वे पारंपरिक तरीकों से पानी इकट्ठा करते हैं. जैसे ओस, धुंध और पहाड़ों से बहकर आने वाला पानी, यह इलाका खासतौर पर उच्च गुणवत्ता वाली यमनी कॉफी के लिए प्रसिद्ध है, जिसे उसके बेहतरीन स्वाद और सुगंध के कारण दुनियाभर में पसंद किया जाता है.