इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में अब तक 15 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस बीच दो टीमें अभी भी ऐसी हैं, जिन्हें अपनी पहली जीत की तलाश है। गुरुवार को खेले गए अहम मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने एक और जीत दर्ज कर ली है, वहीं केकेआर का खाता तो खुल चुका है, लेकिन टीम एक भी मैच जीत नहीं पाई है। इस बीच अंक तालिका में भी बदलाव नजर आ रहे हैं। 15 मैचों के बाद ताजा हालात क्या हैं, इस पर एक नजर डालते हैं।

राजस्थान रॉयल्स का अंक तालिका में पहले नंबर पर कब्जा बरकरार

आईपीएल 2026 में इस वक्त राजस्थान रॉयल्स की टीम पहले नंबर पर अपना कब्जा बरकरार रखे हुए है। टीम ने तीन मैच खेलकर सभी में जीत दर्ज की है और उसके पास 6 अंक हो गए हैं। खास बात ये है कि टीम का नेट रन रेट भी काफी अच्छा चल रहा है, जो बाद में काफी फायदेमंद साबित होगा।


तीन में से दो मैच जीतकर और बिना कोई मैच हारे पंजाब किंग्स की टीम नंबर दो पर है। आरसीबी तीन, दिल्ली कैपिटल्स चार, लखनऊ सुपर जायंट्स नंबर 5 पर हैं। इन सभी टीमों के बराबर चार चार अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के मामले मे आरसीबी की टीम ​बाजी मारती हुई नजर आती है।

सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बराबर अंक

इसके बाद आगे की बात करें तो सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बराबर दो दो अंक हैं। इन सभी ने केवल एक एक मैच जीता है और दो में हार का भी सामना करना पड़ा है। ये सभी टीमें अब तक तीन तीन मैच खेल चुकी हैं। इसके बाद अगर आखिरी दो पायदान की बात करें तो केकेआर नंबर 9 और सीएसके नंबर 10 पर हैं। केकेआर की टीम चार मैच खेल चुके हैं।

लेकिन जीत एक भी नसीब नहीं हो पाई है। एक मैच रद होने के कारण उसका खाता जरूर खुल गया है, लेकिन जीत का कॉलम खाली है। सीएसके की टीम आखिरी नंबर पर है। टीम ने तीन मैच खेल लिए हैं, लेकिन एक भी जीत नहीं मिली है। इन दो टीमों का हाल काफी खराब है।

आईपीएल में आज खेला जाएगा आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला

अभी की बात करें तो जो टीमें टॉप 4 में हैं, वे काफी मजबूत और अच्छी लग रही हैं। खासकर राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स की टीमों ने तो कमाल का खेल अब तक दिखाया है। आरसीबी और डीसी ने भी अच्छ खेल दिखाया है। अब आने वाले चार से पांच मैच काफी अहम होंगे। इन मैचों में जो टीम बाजी मारेगी, वो काफी आगे निकल जाएगी। आज यानी 10 अप्रैल की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स और आरसीबी का मुकाबला होगा। ये दो बेहतरीन टीमों का मैच है, जो अंक तालिका में हलचल पैदा करेगा।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *