रायगढ़ जिले में एक औद्योगिक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मंगल कार्बन प्लांट में हुई दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में पिता, बेटा और 9 माह की मासूम बच्ची शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्लांट हादसे में झुलसे पिता–पुत्र ने तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक प्लांट हादसे में गंभीर रूप से झुलसे साहेबलाल खड़िया (46) और उनके बेटे शिव खड़िया (27) का इलाज के दौरान निधन हो गया। इससे एक दिन पहले ही परिवार ने 9 माह की बच्ची को दफनाया था। लगातार तीन मौतों से परिवार पूरी तरह टूट गया।
गांव पहुंचा शव, उमड़ा जनसैलाब
दोनों के शव जब रजघट्टा गांव स्थित घर लाए गए तो बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौजूद रहे। घर के आंगन में अंतिम दर्शन के लिए शव रखे गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और माहौल बेहद गमगीन हो गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिवार के बुजुर्ग सदस्य बेटे और पोते के शव के पास बैठे रहे। परिजन और ग्रामीण लगातार ढांढस बंधाते नजर आए। घर में मातम का माहौल रहा और हर आंख नम दिखी। महिलाओं और बच्चों का रोना सुनकर आसपास के लोग भी भावुक हो उठे।
एक साथ निकली पिता–पुत्र की अंतिम यात्रा
दोपहर करीब ढाई बजे पिता और बेटे की अर्थी एक साथ घर से निकाली गई। ग्रामीणों ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ दोनों को अंतिम विदाई दी। पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक घटना की चर्चा है।