IND vs SA: अहमदाबाद की पिच पर बल्लेबाजों का दिखेगा भौकाल या गेंदबाज दिखाएंगे कमाल...

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला जो लखनऊ में खेला जाना था उसके रद्द होने के बाद अब ये सीरीज काफी रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। टीम इंडिया जो अभी इस सीरीज में 2-1 से आगे है उसकी कोशिश आखिरी मुकाबले को जहां जीतने की होगी तो वहीं अफ्रीकी टीम इस सीरीज को बराबरी पर खत्म करना चाहेगी। दोनों टीमों के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां की पिच को लेकर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

अहमदाबाद की पिच पर बल्लेबाजों का दिख सकता है दबदबा

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के स्टेडियम में खेले जाने वाले 5वें टी20 मुकाबले की पिच को लेकर बात की जाए तो यहां पर बल्लेबाजों का भौकाल देखने को मिल सकता है। यहां पर आसानी से अब तक बड़े स्कोर बनते हुए देखने को मिले हैं, जिसकी सबसे बड़ी वजह तेज आउटफील्ड भी है।

वहीं नई गेंद से तेज गेंदबाजों के लिए पिच से थोड़ी मदद की उम्मीद की जाती है। इसके अलावा मैदान बड़ा होने की वजह से स्पिनर्स के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने के लिए बल्लेबाजों को काफी बेहतर टाइमिंग करनी होगी। वहीं दूसरी पारी के दौरान ओस आने की भी उम्मीद की जा सकती है, जिससे टॉस की भूमिका काफी अहम हो जाती है, जिसमें इसे जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला लेना चाहेगी।

यहां पर अब तक खेले गए 7 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने चार बार जहां जीत हासिल की है तो वहीं तीन बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम जीतने में कामयाब रही है। वहीं पहली पारी के औसत स्कोर को लेकर बात की जाए तो वह 180 से 185 रनों के बीच का देखने को मिला है।

कप्तान सूर्या पर रहेगी सभी की नजरें

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के आखिरी मैच में सभी की नजरें टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव के प्रदर्शन पर रहने वाली हैं, जो अब तक बल्ले से कोई खास कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके हैं। वहीं इस मैच में भी शुभमन गिल का बाहर रहना लगभग तय माना जा रहा है, जिससे प्लेइंग 11 में संजू सैमसन को मौका मिलने की उम्मीद की जा सकती है। वहीं जसप्रीत बुमराह का वापस आना तय है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *