कोरबा, छत्तीसगढ़: जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवती पर अपने पिता की हंसिया से गला काटकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
क्या है पूरा मामला
घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया स्थित लिममुंडा बस्ती की है। मृतक की पहचान अशोक कुमार केवट (55 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी और तीनों बेटियां पिछले करीब 8 वर्षों से उनसे अलग रह रही थीं।
सूत्रों के अनुसार, परिवार जमीन मुआवजा राशि से जुड़े काम के सिलसिले में गांव आया हुआ था और वहीं रुका था। इसी दौरान देर रात परिवार के बीच विवाद हो गया।
रात में विवाद बढ़ा, फिर हुई हत्या
जानकारी के मुताबिक रात करीब 2 बजे पिता और बड़ी बेटी के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान पिता द्वारा अपशब्द कहे जाने पर गुस्से में बेटी ने घर में रखे हंसिया से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद युवती ने बाहर जाकर रिश्तेदारों को वारदात की जानकारी दी।
आरोपी युवती का डिजिटल प्रोफाइल भी चर्चा में
पुलिस के अनुसार आरोपी युवती की पहचान गीता केवट (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सोशल मीडिया और यूट्यूब गतिविधियों से भी जुड़ी बताई जा रही है। उसके ऑनलाइन कंटेंट से जुड़े कुछ पुराने विवादों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने किया गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही हरदी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।