भिलाई नगर। शहर में आगामी 26 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले भव्य श्रीरामनवमी उत्सव एवं विशाल शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर श्रीराम जन्मोत्सव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक सेक्टर-9 में संपन्न हुई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, कार्यक्रमों की भव्यता और जनसहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय रहे मुख्य अतिथि

बैठक में समिति के संरक्षक एवं प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने समिति द्वारा विगत चार दशकों से निरंतर आयोजित श्रीरामनवमी पर्व की सराहना करते हुए इसे सांस्कृतिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने “एक मुट्ठी दान – श्रीराम के नाम” अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान समाज में सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना को मजबूत करता है।

श्रीरामनवमी: आस्था के साथ संस्कृति और पर्यावरण का संदेश

अपने संबोधन में श्री पाण्डेय ने कहा कि भारतीय परंपरा में पर्वत, नदियों, वृक्षों और जीव-जंतुओं की पूजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है। श्रीरामनवमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है।

शोभायात्रा, भक्ति संध्या और महाप्रसाद की भव्य तैयारी

समिति के युवा विंग अध्यक्ष एवं भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीष पाण्डेय ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन विशेष रूप से धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भक्ति संध्या और भव्य शोभायात्रा से सुसज्जित रहेगा। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों से शोभायात्रा निकाली जाएगी और अन्न संग्रह अभियान के माध्यम से महाप्रसाद की व्यवस्था की जाएगी।

1101 मठ-मंदिरों की शोभायात्राएं होंगी शामिल

समिति के प्रांतीय महामंत्री बुद्धन ठाकुर ने जानकारी दी कि इस वर्ष की शोभायात्रा में 1101 मठ-मंदिरों की लघु शोभायात्राएं शामिल होंगी। इनमें बाबा भोलेनाथ, भगवान चतुर्भुजी, माँ बम्लेश्वरी और माँ दंतेश्वरी की शोभायात्राएं प्रमुख रहेंगी। सभी शोभायात्राएं विभिन्न क्षेत्रों से निकलकर शाम 7 बजे पावर हाउस अंबेडकर चौक पर एकत्र होंगी और वहां से श्रीरामलीला मैदान तक जाएंगी, जहां विशेष धर्मसभा और झांकी प्रदर्शन होगा।

झांकियां, पंथी नृत्य और अखाड़े होंगे आकर्षण

कार्यक्रम में पारंपरिक अखाड़े, पंथी नृत्य, राउत नाचा, भव्य झांकियां, रामायण पाठ, भजन संध्या एवं धार्मिक प्रवचन प्रमुख आकर्षण होंगे। शोभायात्रा मार्ग को आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा और श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा की जाएगी।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष रमेश माने, कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय, जिलाध्यक्ष मदन सेन, महिला शाखा अध्यक्ष शीला बाघमार, महामंत्री बसंत प्रधान सहित समिति की सभी शाखाओं के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *