बोर्ड छात्रों के लिए अहम सूचना: 10वीं–12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी से शुरू...

बाह्य परीक्षक की मौजूदगी अनिवार्य, अनुपस्थित छात्रों को नहीं मिलेगा दूसरा मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी 2026 से प्रारंभ की जा रही हैं। ये परीक्षाएं बाह्य परीक्षकों की उपस्थिति में आयोजित होंगी। मंडल ने स्पष्ट किया है कि प्रैक्टिकल परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को दोबारा अवसर नहीं दिया जाएगा

1 से 20 जनवरी तक आयोजित होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं

माशिमं द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए 1 जनवरी से 20 जनवरी 2026 की तिथि निर्धारित की गई है। चूंकि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू हो रही हैं, इसलिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं सामान्य से पहले आयोजित की जा रही हैं।

स्कूल अपनी सुविधा से तय करेंगे परीक्षा तिथि

हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य अपनी सुविधा के अनुसार निर्धारित अवधि के भीतर प्रैक्टिकल परीक्षाओं का आयोजन करेंगे। मंडल द्वारा पहले ही प्रैक्टिकल परीक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

उपस्थिति की पूरी जिम्मेदारी संस्था प्रमुख की

मंडल ने निर्देश दिए हैं कि प्रैक्टिकल परीक्षा में सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। अनुपस्थित विद्यार्थियों को किसी भी परिस्थिति में विशेष अनुमति या पुनः परीक्षा का अवसर नहीं मिलेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी संस्था प्रमुख की होगी।

बाह्य परीक्षक मंडल नियुक्त करेगा

प्रैक्टिकल परीक्षाएं केवल माशिमं द्वारा नियुक्त बाह्य परीक्षक की उपस्थिति में ही मान्य होंगी। स्कूलों को अपनी ओर से बाह्य परीक्षक नियुक्त करने की अनुमति नहीं है। ऐसा करने पर प्रैक्टिकल परीक्षा अमान्य मानी जाएगी।

वहीं आंतरिक परीक्षक की नियुक्ति संस्था स्तर पर की जाएगी, जिसमें संबंधित विषय शिक्षक को ही आंतरिक परीक्षक बनाया जाएगा। प्रोजेक्ट वर्क के लिए बाह्य परीक्षक की नियुक्ति मंडल द्वारा नहीं की जाएगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *