समोदा गांव में डेढ़ एकड़ जमीन पर मिली अफीम की खेती
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस की कार्रवाई में एक भाजपा नेता के खेत में अफीम के पौधे मिलने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार समोदा गांव में करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर अफीम की अवैध खेती की जा रही थी।
पुलिस को सूचना मिलने के बाद 6 मार्च को खेत में छापेमारी की गई, जहां बड़ी मात्रा में अफीम के पौधे बरामद किए गए। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री, बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीण
मामले की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौके पर पहुंचे। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी खेत की ओर पहुंचने लगे।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लोगों को खेत में जाने से रोका, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस के बीच बहस और झूमाझटकी की स्थिति बन गई। हालात को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाजपा ने नेता को किया सस्पेंड
अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सख्त कदम उठाते हुए संबंधित नेता को पार्टी से सस्पेंड कर दिया है।
बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर अफीम की खेती मिली है, वह भाजपा किसान मोर्चा से जुड़े एक नेता की बताई जा रही है।
जमीन अधिया पर देने का दावा
मामले को लेकर भाजपा नेताओं का कहना है कि उन्हें खेत में अफीम की खेती होने की कोई जानकारी नहीं थी। उनका दावा है कि जमीन अधिया (आधी फसल की व्यवस्था) पर दी गई थी, इसलिए खेती किस प्रकार की जा रही थी इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और खेत में मिली अफीम की खेती को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।