भिलाई। गुरुवार की सुबह पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के तहत उमदा में एक अवैध गुटखा फैक्ट्री का भांडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने यहां रेड कर भारी मात्रा में गुटखा की बोरियां व उसे बनाने वाली मशीन को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से 10 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। वहीं इसका सरगना साजिद खान फरार बताया जा रहा है। पुलिस मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। इससे पहले भी 4 से 5 साल जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र के एक गोदाम से पुलिस ने करीब 50 लाख रुपए का नकली गुटखा पकड़ा था।

मिली जानकारी के अनुसार भिलाई तीन के उमदा क्षेत्र में अवैध रूप से गुटखा की मेकिंग की जा रही थी। यहां नामी ब्रांड का नकली गुटखा तैयार किया जा रहा था। पुलिस को कई दिनों से इस संबंध में सूचना मिल रही थी। गुरुवार की सुबह पुलिस की टीम ने उमदा क्षेत्र के उक्त गुटखा फैक्ट्री में रेड की।  एसपी जितेंद्र शुक्ला के निर्देश पर सीएसपी ने जामुल थाना प्रभारी कपिल देव पाण्डेय, छावनी थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर और खुर्सीपार थाना प्रभारी अंबर भारद्वाज की टीम को तैयार किया।

तड़के तीन बजे की गई कार्रवाई

पुलिस की टीम ने एसपी के निर्देश पर गुरुवार तड़के तीन बजे कार्रवाई की। देर रात पुलिस की टीम पहुंची और निगरानी कर रही थी कि इस दौरान सीजी 07 बीके 5038 नंबर की गाड़ी आती हुई दिखी। पुलिस की टीम ने ट्रक को रोककर तलाशी ली तो उसमें लगभग 60 बोरी पानराज जर्दा युक्त गुटखा भरा हुआ था। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह उक्त गुटखा उमदा के फैक्ट्री से ला  रहा था।

इसके बाद पुलिस ट्रक के साथ गुटखा फैक्ट्री पहुंची। फैक्ट्री वालों को पुलिस के आने की भनक लग गई थी और वे भागने की फिराक में थे लेकिन भाग नहीं सके और पुलिस की पकड़ में आ गए। पुलिस ने फैक्ट्री के अंदर से 25 बोरा गुटखा और जब्त किया। इस तरह पुलिस ने कुल 85 बोरा गुटखा जब्त किया है। मौके पर पुलिस ने यहां काम करने वाले 10 लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में नकली गुटखा बनाने का काम छावनी में रहने वाले साजिद खान द्वारा किया जाता है। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *