बिलासपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। नकली नोट के अवैध कारोबार में लगे एक युवक के घर पर जब पुलिस ने छापा मारा तो नकली नोट, नोट छापने वाली मशीन के साथ ही वहां एक टंकी में महिला की 6 टुकड़ों में की गई लाश मिली।

यह लाश पानी की टंकी में रखी हुई थी। आरोपी ने बताया, दो महीने पहले उसने अपनी पत्नी की हत्या करके लाश को काटकर छिपा दिया था। उसने हत्या करने की वजह पत्नी के चरित्र पर संदेह होना बताया।

दरअसल नकली नोट की तलाशी में जब पुलिस आरोपी के घर पहुंची तो उसके घर की स्थिति चौंकाने वाली थी। पुलिस को घर से बदबू आ रही थी। इस बीच जैसे ही पुलिस ने सिंटेक्स की टंकी का ढक्कन खोला तो टुकड़ों में कटी लाश मिली, आरोपी पवन ने बताया, लाश उसकी पत्नी सती साहू की है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है।

सकरी टीआई सागर पाठक के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिली कि उसलापुर रेलवे स्टेशन के पीछे रहने वाला पवन सिंह ठाकुर नकली नोटों का अवैध कारोबार करता है। जिसके बाद पुलिस की टीम ने उसे उसलापुर ओवरब्रिज के पास नकली नोट के साथ दबोच लिया। और फिर जब उसके घर में दबिश दी गई तो 500 और 200 के नकली नोट के बंडल मिले।

चरित्र पर शक करता था, इसलिए मार डाला

पूछताछ में आरोपी पवन सिंह ने पुलिस को बताया, वह पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। उसकी बड़ी बेटी 5 साल की है और बेटा 3 साल का है। वह यहां एनटीपी कर्मी निर्दोष एक्का के मकान में किराये पर रहता था।

और सीसीटीवी कैमरा ऑपरेटिंग और रिपेयरिंग का काम करता है। उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक हो गया था, कि वह किसी दूसरे लड़के से बात करती है। जिसके चलते उसने पिछले 5 जनवरी को पत्नी की हत्या कर दिया था।

आरोपी ने की थी लव मैरिज

आरोपी पवन सिंह ठाकुर पत्नी सती साहू से लव मैरिज किया था, इसलिए लड़की के मायके वाले बेटी से ज्यादा मतलब नहीं रखते थे। घटना के 2 महीने बीतने के बाद भी महिला के मायके वाले किसी तरह की खोजबीन नहीं किए।

यहां तक कि, आसपास के लोगों को भी कोई भनक नहीं लगी थी। आरोपी काम के बहाने बाहर जाने का बोलकर बच्चों को गांव में अपने माता-पिता के पास छोड़ आया था।

पुलिस की पूछताछ में ये भी पता चला है कि, पवन सिंह की पत्नी सती साहू मुंगेली के दाऊपारा की रहने वाली थी। करीब 10 साल पहले उनकी दोस्ती हुई थी। शादी के बाद से दोनों उसलापुर में रहते थे।

नकली नोटों का कारोबार, गिरोह का खुलासा कर सकती है पुलिस
बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी पवन सिंह ठाकुर के साथ उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार किया है, जो नकली नोट बनाने और मार्केट में खपाने का काम करते थे। सूत्रों का कहना है कि पुलिस आज इस पर बड़ा खुलासा कर सकती है।
Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *