बिलासपुर में पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में एक पति ने अपनी पत्नी की सिर पटककर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है

यह पूरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू नगर इलाके की बताई जा रही है।

किराए के मकान में रहता था दंपति

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान पुष्पलता यादव (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति युवराज यादव (43 वर्ष) कोटा क्षेत्र के मोहनभाठा का रहने वाला है।

बताया जा रहा है कि दोनों नेहरू नगर स्थित MIG-33 में किराए के मकान में रहते थे और करीब एक महीने पहले ही यहां रहने आए थे

घर खाली करने की बात पर बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक 8 मार्च की दोपहर करीब 1 बजे मकान मालकिन किराया मकान खाली करने की बात कहने आई थी। इसके बाद घर में तनाव का माहौल बन गया।

इसी दौरान आरोपी पति शराब के नशे में था और उसने पत्नी से गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच तीखी कहासुनी होने लगी।

बाथरूम के पास सिर पटककर की हत्या

पुलिस के अनुसार गुस्से में आकर आरोपी युवराज ने अपनी पत्नी को घर के अंदर खींचकर बाथरूम के पास ले गया और उसका सिर जोर से पटक दिया

इस हमले में पुष्पलता के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई

घटना के बाद आरोपी फरार

पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शराब की लत और घरेलू विवाद की बात सामने आई

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुष्पलता यादव मजदूरी कर घर का खर्च चलाती थी, जबकि उसका पति शराब का आदी था और अक्सर पत्नी के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करता था

पुलिस के अनुसार घरेलू विवाद के चलते यह घटना हुई है

आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम

सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी

इलाके में फैली सनसनी

इस दर्दनाक घटना के बाद नेहरू नगर इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग भी इस वारदात से हैरान हैं और पुलिस से जल्द आरोपी को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *