CG में हाईटेक नकल:पुलिस भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल, राजस्थान का युवक गिरफ्तार...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में आयोजित दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल (लिपिकीय) भर्ती परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल का गंभीर मामला सामने आया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, जैमर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद एक अभ्यर्थी ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

परीक्षा केंद्र पर हुआ खुलासा

पुलिस के अनुसार, दिनांक 09 जनवरी को फरहदा स्थित जीटीबी कॉलेज में एसएससी द्वारा आयोजित दिल्ली पुलिस 2025 सीबीई भर्ती परीक्षा की शाम की पाली (4:30 से 6:30 बजे) चल रही थी। इसी दौरान परीक्षा केंद्र प्रभारी विजय कुमार लहरे को एक अभ्यर्थी की गतिविधियों पर संदेह हुआ।

संदेह के आधार पर जब अभ्यर्थी के पास जाकर पूछताछ की गई तो वह घबरा गया। तलाशी लेने पर उसके कान में सिम कार्ड से ऑपरेटेड ब्लूटूथ डिवाइस तथा कपड़ों में छिपाए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।

आरोपी की पहचान

पकड़े गए अभ्यर्थी की पहचान
मोहित मीना, निवासी दौसा, राजस्थान के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यह सभी डिवाइस राजस्थान से लेकर आया था और उनका उपयोग कर परीक्षा में प्रश्नों के उत्तर प्राप्त कर रहा था।

पुलिस की कार्रवाई

परीक्षा केंद्र प्रभारी की रिपोर्ट पर सीपत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी एवं परीक्षा अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।

बड़े नकल गिरोह की आशंका

पुलिस को आशंका है कि इस मामले में किसी बड़े नकल गिरोह की संलिप्तता हो सकती है। कड़ी सुरक्षा, जैमर और जांच के बावजूद परीक्षा केंद्र के भीतर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाना जांच का अहम विषय बना हुआ है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *