शादी के बाद प्रेमिका ने तोड़ा रिश्ता, सनकी प्रेमी ने गला रेतकर की हत्या की कोशिश...

दुर्ग | भिलाई छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां शादीशुदा प्रेमी ने प्रेमिका द्वारा बातचीत बंद करने पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवती को आखिरी बार मिलने के बहाने बुलाकर ब्लेड से गले पर वार कर उसकी हत्या करने की कोशिश की।

चार साल का प्रेम संबंध, फिर शादी और धोखा

पुलिस के अनुसार, पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत जेवरा सिरसा चौकी निवासी पीड़िता और आरोपी अमन निषाद (20 वर्ष) के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच नियमित बातचीत होती थी।

करीब 2–3 महीने पहले आरोपी ने किसी अन्य युवती से शादी कर ली, जिसकी जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने उससे बातचीत पूरी तरह बंद कर दी थी।

आखिरी मुलाकात के बहाने बुलाया

24 दिसंबर 2025 की रात करीब 12:30 बजे, आरोपी अमन निषाद ने पीड़िता को फोन कर कहा कि वह उससे अंतिम बार मिलकर बात करना चाहता है और उसे घर के बाहर गली में बुलाया।
पीड़िता ने आरोपी की बातों पर भरोसा कर बाहर जाकर उससे मुलाकात की।

शादी का दबाव और जानलेवा हमला

मुलाकात के दौरान आरोपी ने पीड़िता पर शादी करने का दबाव बनाया। जब पीड़िता ने साफ इंकार किया तो आरोपी उग्र हो गया।
उसने पीड़िता का गला दबाते हुए कहा—

“अगर तुम मेरी नहीं हो सकती, तो किसी और की भी नहीं हो सकती”

इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे ब्लेड से पीड़िता के गले पर दो से तीन बार वार कर दिया, जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और खून बहने लगा।

शोर सुनकर लोग पहुंचे, आरोपी फरार

पीड़िता के चीख-पुकार करने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे घबराकर आरोपी वहां से फरार हो गया। घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

नागपुर से आरोपी गिरफ्तार

घटना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लगातार पतासाजी शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी नागपुर (महाराष्ट्र) में छिपा हुआ है।
दुर्ग पुलिस की विशेष टीम ने नागपुर जाकर आरोपी अमन निषाद को गिरफ्तार कर दुर्ग लाया

पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई

फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर प्रेम प्रसंग में बढ़ती हिंसा और मानसिक विकृति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *