छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम तारागांव में गुरुवार सुबह दुर्ग से तिरुपति जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में राजनांदगांव निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुबह तड़के हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हुई। बस में 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे, जो दुर्ग से भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए तिरुपति जा रहे थे। तारागांव के पास पहुंचते ही बस चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे उसका वाहन पर से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
राजनांदगांव के युवक की मौत
इस सड़क हादसे में राजनांदगांव निवासी तामेश्वर साहू की जान चली गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही भानपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
हादसे की जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताई जा रही है। पुलिस बस चालक से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।