सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा का आरोप, FIR और गिरफ्तारी की मांग
दुर्ग। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ अभद्र भाषा, गाली-गलौज और समाज में द्वेष फैलाने वाले पोस्ट को लेकर भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को सुपेला थाने का घेराव किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता थाना परिसर पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
थाना परिसर में धरना, जमकर हुई नारेबाजी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुपेला थाना गेट के सामने धरना देते हुए जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती और आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। विरोध प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति भी बनी रही।
अपराध बढ़ने पर जताई चिंता
भिलाई शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़, विशेषकर दुर्ग जिले में अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि वे अब वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ भी खुलेआम आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं।
जानें पूरा मामला
मुकेश चंद्राकर ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अमित सेन नामक व्यक्ति द्वारा लगातार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे समाज में नकारात्मक माहौल बन रहा है।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी ने मामले को आईटी एक्ट से जुड़ा बताया है और उचित धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया की बात कही है। हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कर दिया कि वे केवल आश्वासन से संतुष्ट नहीं होंगे।
पुलिस अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं कांग्रेस नेताओं ने यह भी बताया कि इस पूरे मामले को लेकर रायपुर में भी औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।