कोल्ड वेव की गिरफ्त में रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिले, अभी राहत के आसार नहीं...

मकर संक्रांति से पहले भी ठिठुरन बरकरार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। दिसंबर के बाद जनवरी का महीना भी कड़ाके की ठंड लेकर आया है। मौसम विभाग के अनुसार मकर संक्रांति से पहले सर्द रातों से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है। उत्तर दिशा से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

24 से 48 घंटे बाद हल्की राहत संभव

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 24 से 48 घंटे के बाद न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड में हल्की राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, यह राहत ज्यादा प्रभावी नहीं होगी और ठंड का असर बना रहेगा।

उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। गुरुवार को सरगुजा और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में पहले ही शीतलहर का असर देखने को मिला है। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम बना रहे असर

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ है, जो उत्तरी पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 3 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर भारत के ऊपर करीब 12 किलोमीटर की ऊंचाई पर तेज रफ्तार से बहने वाली पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी तापमान में गिरावट का कारण बन रही है।

इन जिलों में कोल्ड वेव की चेतावनी

मौसम विभाग ने 9 जनवरी तक सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलोदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों के एक-दो इलाकों में शीतलहर की संभावना जताई है।
वहीं 10 जनवरी को दुर्ग सहित कुछ क्षेत्रों में कोल्ड वेव का विशेष अलर्ट जारी किया गया है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *