छत्तीसगढ़ राशन अपडेट: मार्च में राशन कार्डधारियों को मिलेगा दो महीने का राशन एक साथ...

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में राशन कार्डधारियों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार मार्च 2026 में हितग्राहियों को फरवरी और मार्च दोनों महीनों का राशन एक साथ वितरित किया जाएगा। यह निर्णय उन लोगों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है जिन्हें फरवरी महीने का राशन नहीं मिल पाया था।

फरवरी और मार्च का राशन एकमुश्त मिलेगा

खाद्य विभाग के अनुसार जिन राशन कार्डधारियों को फरवरी 2026 का राशन नहीं मिला था, उन्हें अब मार्च 2026 में दोनों महीनों का राशन एक साथ दिया जाएगा। हितग्राही अपने नजदीकी उचित मूल्य की दुकानों (राशन दुकान) से जाकर यह राशन प्राप्त कर सकते हैं।

चावल की कमी के कारण हुआ था वितरण प्रभावित

जानकारी के मुताबिक फरवरी महीने में जिले के कई प्रदाय केंद्रों में चावल की उपलब्धता कम होने के कारण राशन वितरण प्रभावित हुआ था। इसके बाद नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा अन्य केंद्रों से चावल की व्यवस्था की गई और खरीफ वर्ष 2025-26 के चावल का उपार्जन कर उचित मूल्य दुकानों में भंडारण कराया जा रहा है

डीओ और टीसी की वैधता 15 मार्च तक बढ़ाई गई

खाद्य विभाग ने राशन भंडारण की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए डीओ और टीसी की वैधता तिथि को 15 मार्च 2026 तक बढ़ा दिया है। इससे शेष उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न भंडारण का कार्य पूरा किया जा सकेगा।

राशन कार्डधारियों को मिलती हैं ये सामग्री

जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत NFSA और CGFSA राशन कार्डधारियों को चावल के अलावा राज्य सरकार की योजनाओं के तहत अन्य खाद्यान्न भी दिए जाते हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • प्रति राशन कार्ड 2 किलो चना

  • 2 किलो गुड़

  • 1 से 2 किलो नमक

  • 1 किलो शक्कर

इन सभी खाद्यान्नों की आपूर्ति छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन द्वारा की जाती है।

प्रशासन की राशन कार्डधारियों से अपील

जिला प्रशासन ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि जिन्हें फरवरी 2026 का राशन नहीं मिला है, वे अपनी संबंधित शासकीय उचित मूल्य दुकान में जाकर फरवरी और मार्च दोनों महीनों का राशन एक साथ प्राप्त करें

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *