रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक 40 वर्षीय युवक का शव नाली में औंधे मुंह पड़ा मिला। युवक के शरीर पर केवल बनियान और जांघिया थी, जबकि सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

नाली में पड़ा मिला शव, इलाके में मचा हड़कंप

घटना गौशाला मार्ग स्थित महिला समृद्धि बाजार के पीछे की बताई जा रही है। कुछ युवक बाजार की छत पर जा रहे थे, तभी उनकी नजर नीचे नाली में पड़े व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर कोई हलचल नहीं दिखी, जिसके बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधि को सूचना दी गई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नाली से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत की पुष्टि हुई। शरीर पर चोट और खून के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है।

छत पर मिले कपड़े और चप्पल

घटनास्थल के आसपास तलाशी के दौरान महिला समृद्धि बाजार की छत पर मृतक के कपड़े और चप्पल बरामद किए गए। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक पहले छत पर मौजूद था और बाद में नीचे गिरा। हालांकि यह हादसा था या किसी विवाद/धक्का का परिणाम, इसे लेकर पुलिस अभी जांच कर रही है।

मृतक की पहचान, ड्राइवर का करता था काम

स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान सरिया निवासी अविनाश शर्मा (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह शहर के एक विवाह भवन संचालक के यहां ड्राइवर के तौर पर कार्यरत था। पुलिस सभी परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

पोस्टमार्टम और CCTV फुटेज से खुलेगा राज

पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल हर एंगल से जांच जारी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *