Bilaspur Missing Woman Case: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है। महिला मायके बिलासपुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन सात दिन बीतने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए जल्द खोजबीन की मांग की है।
मायके जाने के लिए निकली, पहुंची ही नहीं
मामला पांडातराई थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 का है। पति बिसेन कार्निक (34) ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी पत्नी पुष्पनंदनी कार्निक (26) 2 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे तीन बच्चों के साथ बिलासपुर स्थित मायके जाने के लिए निकली थी। उन्होंने कहा था कि वह इलाज के लिए बच्चों को लेकर बिलासपुर जा रही है, लेकिन वहां पहुंचने की पुष्टि नहीं हुई।
बस से रवाना हुई, रास्ते में उतारने की जानकारी
परिजनों के अनुसार महिला शारदा बस से रवाना हुई थी।
-
शाम करीब 6 बजे संपर्क करने पर दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले
-
ससुराल पक्ष से बात करने पर पता चला कि वह वहां भी नहीं पहुंची
-
अगले दिन बस चालक से पूछताछ में जानकारी मिली कि महिला और बच्चों को महाराणा प्रताप चौक के पास उतारा गया था
इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
रिश्तेदारों और स्टैंड पर तलाश, नहीं मिला कोई पता
परिवार ने देर रात तक रिश्तेदारों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर खोजबीन की, लेकिन महिला और बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। घटना के बाद से परिवार चिंतित और परेशान है।
गुमशुदगी दर्ज, जांच शुरू
पति की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि परिजनों का आरोप है कि तलाश की रफ्तार धीमी है और पुलिस को मामले में और सक्रियता दिखानी चाहिए। परिवार ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और सुरक्षित बरामदगी की अपील की है।